'साथ वॉक किया, खाना खाया, फिर...', CBI के 72 सवालों पर ट्विशा के पति समर्थ का जवाब, शरीर पर चोट के निशान पर सास गिरिबाला खामोश
Twisha Sharma Case CBI Investigation: 5 दिन की रिमांड में CBI ने 72 घंटे पूछताछ कर दोनों से 72 सवाल किए। इसमें ट्विशी की समर्थ संग पहली मुलाकात, डेटिंग, शादी, प्रेग्नेंसी से लेकर मौत वाले दिन की घटनाओं से जुड़े सवाल शामिल रहे।
- भारत
- 4 min read
Twisha Sharma Death Case: मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत मामले में सीबीआई की जांच जारी है। पति समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह की सीबीआई कस्टडी आज (2 जून) को खत्म हो रही है। ऐसे में उनकी फिर जबलपुर हाई कोर्ट में पेशी होनी है। इससे पहले 5 दिनों की रिमांड के दौरान समर्थ और गिरिबाला का सामना सीबीआई के तीखे सवालों से हुआ।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने 72 घंटे की पूछताछ के दौरान दोनों से 72 सवाल पूछे। इसमें समर्थ संग ट्विशा की पहली मुलाकात, डेटिंग, शादी, उनकी प्रेग्नेंसी से लेकर मौत वाले दिन क्या-क्या हुआ, सबके बारे में सवाल किया गया।
समय के साथ बदल गया ट्विशा का स्वभाव- गिरिबाला
पूछताछ के दौरान CBI ने ट्विशा के शरीर पर मिले चोट के निशान को लेकर भी सवाल किया। हालांकि गिरिबाला सिंह ने इसका जवाब नहीं किया। उन्होंने बताया कि वह शादी से पहले ही ट्विशा से मिली थीं। समर्थ ने उन्हें बताया था कि वह ट्विशा से शादी करना चाहता है। उन्होंने कहा कि ट्विशा ब्राह्मण परिवार से थी और उनके परिवार ने कभी जातिगत भेदभाव नहीं किया, बल्कि उन्हें खुशी थी कि एक ब्राह्मण लड़की उनके घर की बहू बनकर आ रही है।
गिरिबाला सिंह ने बताया कि शुरुआत में ट्विशा का स्वभाव अच्छा था, लेकिन समय के साथ उसमें बदलाव आने लगा। उन्होंने कहा कि ट्विशा को पौधे पसंद थे, लेकिन उनकी देखभाल नहीं करती थी। उसे बच्चे पसंद थे, लेकिन वह मां नहीं बनना चाहती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि शादी के पांच महीने के दौरान ट्विशा पांच बार अपने मायके गई थी।
वहीं, जब गिरिबाला सिंह से यह सवाल हुआ कि अगर समर्थ निर्दोष थे तो वह फरार क्यों रहे? अग्रिम जमानत क्यों ली? तो उन्होंने स्वीकार किया कि यह एक गलती थी।
पूछताछ में और क्या-क्या बताया?
यही नहीं, ट्विशा की आर्थिक मदद करने की बात भी बताई। गिरिबाला के अनुसार ट्विशा को जब भी पैसों की जरूरत हुई, परिवार ने उसकी मदद की। शादी से पहले उसके भाई की शादी के दौरान भी आर्थिक सहायता दी गई थी और नौकरी छूटने के बाद नियमित रूप से पैसे दिए जाते थे। उनके मुताबिक पांच महीनों में ट्विशा को करीब सात लाख रुपये दिए गए।
ड्रग्स और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सवालों पर सास ने कहा कि ट्विशा का इलाज डॉक्टरों से कराया गया था और इसके दस्तावेज मौजूद हैं। उनका दावा है कि ट्विशा एंजायटी, पर्सनैलिटी डिसऑर्डर और एडजस्टमेंट प्रॉब्लम जैसी समस्याओं से जूझ रही थी।
वहीं, समर्थ सिंह ने पूछताछ में कहा कि शादी के बाद शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य था। दोनों मॉर्निंग वॉक पर जाते थे, जिम जाते थे और साथ समय बिताते थे। हालांकि, ट्विशा के प्रेग्नेंट होने के बाद बच्चे को लेकर उसका व्यवहार बदलने लगा। समर्थ के मुताबिक कभी वह बच्चा रखना चाहती थी और कभी नहीं। उन्होंने कहा कि गर्भपात से संबंधित दवा लेने के बाद उसके व्यवहार में और अधिक बदलाव आया, जिसके चलते उन्होंने डॉक्टरों और मनोचिकित्सकों से भी सलाह ली थी।
12 मई को क्या-क्या हुआ था?
समर्थ ने मौत वाले दिन यानी 12 मई को क्या-क्या हुआ था, ये भी खुलासा किया। उसने बताया कि उस दिन ट्विशा पार्लर गई थी और लौटने के बाद दोनों ने करीब 45 मिनट तक घर के बाहर वॉक किया। इसके बाद साथ में खाना खाया, टीवी देखा और फिर ट्विशा की मां का फोन आया कि वह रो रही है। समर्थ ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि अचानक ऐसा क्या हुआ जिसके बाद ट्विशा ने यह कदम उठाया।
समर्थ के मुताबिक जब उन्होंने ट्विशा को फंदे से लटका देखा तो उन्हें यह अहसास नहीं था कि उसकी मौत हो चुकी है। उसने और उसकी मां ने पहले उसे बचाने की कोशिश की। समर्थ ने उसके पैर पकड़े, जबकि गिरिबाला सिंह ने गले से बेल्ट हटाई। इसके बाद सीपीआर दिया गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका दावा है कि इन घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं।
मैं ट्विशा से बहुत प्यार करता था- समर्थ
वहीं, अलग-अलग बेडरूम में सोने के सवाल पर समर्थ ने कहा कि वह खुद भी कुछ मामलों में हार का सामना कर रहा था। ट्विशा लगातार बच्चे को लेकर चर्चा कर रही थी। इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि उसने यह भी कहा कि इसके बावजूद वह ट्विशा से बहुत प्यार करता था।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 2 June 2026 at 11:20 IST