कानपुर में ट्रेन हादसा, चौराचौरी एक्सप्रेस पटरी से उतरी, यात्रियों में हड़कंप, रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे

बुधवार को देश में दो अलग-अलग रेल हादसे हुए। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर गोरखपुर जा रही चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। वहीं, असम के कामरूप जिले स्थित दिगारू रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन का लोकोमोटिव और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

 
Follow :
कानपुर में ट्रेन हादसा, चौराचौरी एक्सप्रेस पटरी से उतरी, यात्रियों में हड़कंप, रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे | Image: ANI

देश में रेल हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को देश के दो अलग-अलग हिस्सों में ट्रेन दुर्घटना की खबरें सामने आईं, जिससे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। पहली घटना उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की है, जबकि दूसरी घटना असम के दिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुई। राहत की बात यह रही कि दोनों हादसों में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कानपुर में चौरीचौरा एक्सप्रेस के 4 डिब्बे बेपटरी

कानपुर से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जा रही चौरीचौरा एक्सप्रेस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्टेशन से रवाना होते ही ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

असम के दिगारू में भी बड़ा हादसा, यात्री सुरक्षित

दूसरी ओर, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अंतर्गत आने वाले कामरूप (मेट्रो) जिले के दिगारू रेलवे स्टेशन पर एक लोकोमोटिव और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रभावित यात्रियों को तुरंत राहत पहुंचाते हुए उन्हें एक वैकल्पिक ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। घटनास्थल पर रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

ब्रेक फेल होने से हुई घटना

घटनास्थल के पास रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने बताया, 'सुबह की सैर के दौरान जब मुझे हादसे की भनक लगी, तो मैं मौके पर पहुंचा। दिगारू स्टेशन से करीब 500 मीटर दूर छह डिब्बे बेपटरी पड़े थे। पास ही कई रिहायशी मकान थे, गनीमत रही कि ट्रेन वहां नहीं टकराई।" स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि ट्रेन का ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी।

रेलवे की कार्यशैली पर उठे सवाल, जांच की मांग

इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि आज के आधुनिक और उन्नत प्रौद्योगिकी के दौर में भी अगर ट्रेन के ब्रेक फेल हो रहे हैं, तो यह सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक है। जनता ने रेल मंत्रालय और मालीगांव स्थित पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आला अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

November 11, 2026

ये भी पढ़ें - ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को मोदी सरकार ने दी खुशखबरी, नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक एक्वा लाइन को मंजूरी, मैप के जरिए समझिए

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 11 November 2026 at 18:38 IST