BREAKING: राजस्थान के बारां में दर्दनाक हादसा, कार और बल्कर ट्रक की टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, घर में पसरा मातम

राजस्थान के बारां में बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक कार और बल्कर के बीच टक्कर हो गई है जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है।

 
Follow :

Road Accident: राजस्थान के बारां जिले के कवाई-अटरू हाइवे पर आज एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक कार और बल्कर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप के पास कार और बल्कर की जोरदार भिड़ंत हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान कार में सवार दंपति अंदर फंस गए।

डॉक्टरों ने चारों को मृत किया घोषित

हादसे की सूचना मिलते मौके पर पुलिस पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दंपति समेत दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

जन्मदिन में शामिल हो कर लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि झुंझुनूं मूल निवासी परिवार जयपुर में रहता था। वे अपने साले के बच्चे के जन्मदिन में शामिल होने के लिए बारां आए थे। इसके बाद परिवार मंगलवार सुबह जयपुर लौट रहा था, तभी इस भयंकर हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद कार बुरी तरह पिचक गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग फंस गए। मृतकों की पहचान सुरेश गजराज, शालिनी मार्य, निलिशा और स्वप्ननिल के रूप में हुई है। 

पुलिस ने परिजनों को किया सूचित

पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस दुखद खबर के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें: Delhi: कालकाजी में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी, दो और आरोपी गिरफ्तार
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 22 September 2026 at 14:31 IST