बॉलीवुड से खुन्नस, दाऊद की 'गद्दी' पर वार या किसी दुश्मनी का बदला... टाइगर श्रॉफ पर गोली चलवाने के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का क्या है मकसद?
बॉलीवुड-अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर नेटवर्क का कनेक्शन कोई नई कहानी नहीं है। 1990 के दशक में फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड की कथित दखलअंदाजी की चर्चाएं सुर्खियों में रहती थीं।
- भारत
- 6 min read
बॉलीवुड-अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर नेटवर्क का कनेक्शन कोई नई कहानी नहीं है। 1990 के दशक में फिल्म इंडस्ट्री में अंडरवर्ल्ड की कथित दखलअंदाजी की चर्चाएं सुर्खियों में रहती थीं। लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि क्या मुंबई में एक बार फिर फिल्मी सितारों को धमकियों, जबरन वसूली और फायरिंग के जरिए डराने का दौर लौट रहा है? इस चर्चा के केंद्र में है लॉरेंस बिश्नोई गैंग और बॉलीवुड के कई फेमस नाम, सलमान खान, रोहित शेट्टी, रणवीर सिंह, आमिर खान और अब टाइगर श्रॉफ।
अलग-अलग मामलों में धमकियों, गोलीबारी और हत्या की घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस पूरे मामले में एक सबसे बड़ी बात सामने आई है और वो है अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का कनेक्शन। क्योंकि टाइगर श्रॉफ पर हमले के बार लॉरेंस गैंग ने एक ऑडियो जारी कर कहा- जो भी दाऊद से जुड़ा है उसका हिसाब करेंगे। तो आइए आपको विस्तार से बताते हैं कि लॉरेंस बिश्नोई बॉलीवुड सितारों पर हमला कराकर करना क्या चाहता है?
फिल्म इंडस्ट्रीज में दाउद का बर्चस्व खत्म, अब लॉरेंस बिश्नोई है डॉन
स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्रीज में अंडर वर्ल्ड डान दाउद इब्राहिम, छोटा राजन व अबू सलेम का आतंक पूरी तरह खत्म हो जाने पर लॉरेंस बिश्नोई स्टार्स को डराकर फिल्म इंडस्ट्रीज (Bollywood) में डी कंपनी की जगह लेना चाह रहा है, ताकि वहां से मोटी रकम की उगाही की जा सके।
मुंबई में एंट्री के लिए सलमान के घर फायरिंग
पिछले दो दशक से फिल्म इंडस्ट्री से उगाही का धंधा बंद है। लॉरेंस ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व पंजाब के गैंगस्टरों से गठजोड़ कर इन राज्यों में अपना वर्चस्व बना ही लिया है। मुंबई में घुसने के मकसद से उसने सलमान के घर के बाहर गोलियां चलवाईं, ताकि फिल्म इंडस्ट्रीज को डराकर वहां रंगदारी रैकेट चला सके। जिम्मेदारी लेते हुए फेसबुक पोस्ट में दाऊद का नाम लिख ये बताने की कोशिश है कि मुंबई में अब दाऊद की कोई हैसियत नहीं है।
लॉरेंस गिरोह मुंबई को रंगदारी रैकेट के एक बड़े बाजार के तौर पर देख रहा है। कुछ साल पहले एनआईए ने एक मामले में दायर आरोप पत्र में कहा भी था कि दाउद की तरह लॉरेंस तेजी से अपना सिंडिकेट फैला रहा है।
मुंबई पर था दाऊद का कब्जा, वसूली से बना लिया अरबों
महाराष्ट्र के रत्नागिर में जन्मे दाऊद इब्राहिम का नाम 1980 के दशक में मुंबई अपराध जगत में बहुत तेजी से उभरा था। कहा जाता था कि दाऊद इब्राहिम की पहुंच फिल्म जगत से लेकर सट्टे और शेयर बाजार तक पहुंच गई थी। दाऊद बचपन से ही शाही जिंदगी जीना चाहता था जिसके लिए वह चोरी, डकैती और उसके बाद फिर तस्करी करने लगा था।
उसकी हरकतें देखकर पिता ने पहले उसे समझाया लेकिन जब उसने जुर्म का रास्ता नहीं छोड़ा तो पिता ने दाऊद को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वह करीम लाला के गैंग में शामिल हो गया था। साल 1980, उस वक्त मुंबई में करीम लाला और हाजी मस्तान के गैंग का राज था, लेकिन दाऊद ने इन दोनों गैंगस्टर्स को पीछे छोड़ दिया और जुर्म की दुनिया का बेताज बादशाह बन गया।
उसने डर और दहशत से अरबों का कारोबार खड़ा कर दिया। दाऊद का कारोबार भारत-पाकिस्तान ही नहीं दुनियाभर के देशों में फैला था। एक जमाने में मुंबई में हफ्ता मांगने वाले, चोरी करने वाले दाऊद ने काले धंधे के दम पर अरबों की दौलत जुटा ली थी। कोई ऐसा काला कारोबार नहीं थी, जहां दाऊद का पैसा न लगा हो। उसने भारत में उगाही से लेकर आतंकवाद हर तरह के अपराधों को अंजाम दिया।
दाऊद की डी कंपनी बड़े पैमाने पर एक्सटॉर्शन में शामिल थी। भारत छोड़कर फरार होने के बाद भी वह अपने गुर्गों के जरिए टारगेट किलिंग करवाता था और उगाही करता था। इतना ही नहीं दाऊद ने अफीम और ड्रग तस्करी का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया था। कहा जाता था कि वह पाकिस्तान की इंटेलिजेंस कंपनी के साथ मिलकर काम करता था।
सलमान की जान का दुश्मन क्यों लॉरेंस बिश्नोई
गैंगस्टर लॉरेंस, बिश्नोई समाज से है। वे लोग जानवरों को खासतौर पर हिरण को भगवान समान मानते हैं। वो काले हिरण की पूजा करते हैं। ऐसे में जब सलमान खान का नाम काला हिरण शिकार केस में आया था, तो लॉरेंस ने सलमान को मारने की धमकी दी थी और तभी से लॉरेंस बुरी तरह सलमान खान की जान का दुश्मन बना हुआ है।
अक्टूबर 2024: बाबा सिद्दीकी की हत्या और सलमान खान कनेक्शन
12 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सलमान खान समेत बॉलीवुड की कई प्रमुख हस्तियों के करीबी माने जाते थे। मुंबई पुलिस की जांच में हत्या के आरोपियों के लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध सामने आए। इस मामले ने सलमान खान की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी। बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद इस आशंका पर चर्चा तेज हुई कि फिल्मी सितारों से करीबी रखने वाले लोग भी आपराधिक नेटवर्क की धमकियों के दायरे में आ सकते हैं।
फरवरी 2026: रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग
1 फरवरी 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंग हुई। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं थी, लेकिन पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में जांच की। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली और मामले में गिरफ्तारियां भी हुईं।
फरवरी 2026: रणवीर सिंह को धमकी, फिरौती की मांग
रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी के बाद अभिनेता रणवीर सिंह से जुड़ी धमकियों की खबरें भी सामने आईं। फरवरी 2026 में मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर एक वॉइस नोट मिला, जिसमें 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की मांग किए जाने की बात कही गई। इसके बाद कथित तौर पर हैरी बॉक्सर नाम से अपनी पहचान बताने वाले की ओर से धमकी भरा ऑडियो मैसेज भी सामने आया, जिसमें रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को निशाना बनाया गया।
जुलाई 2026: आमिर खान को धमकी
जुलाई 2026 में अभिनेता आमिर खान से जुड़ा एक कथित धमकी का मामला सामने आया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट और एक ऑडियो क्लिप में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले लोगों ने आमिर खान पर आरोप लगाए और उन्हें धमकी दी। ये मामला आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी के बाद सामने आया था। कथित मैसेज में उनकी पर्सनल लाइफ और शादी को लेकर आपत्तिजनक आरोप लगाए गए। इसे लव जिहाद से जोड़कर देखा गया।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 19 October 2026 at 19:41 IST