Tiger Shroff: नेपाल भागने की फिराक में थे तीनों शूटर्स, राजस्थान पुलिस ने जाल बिछाकर कोटा से किया अरेस्ट, हरियाणा और बिहार से आरोपियों का कनेक्शन
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में शामिल तीन आरोपियों को कोटा के राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। इन आरोपियों में एक नाबालिग है। कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि हमारी टीम ने सिर्फ 15 मिनट के भीतर जाल बिछाया और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
- भारत
- 4 min read
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग करने के आरोप में राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो हरियाणा के सोनीपत और एक बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कोटा पुलिस ने खुलासा किया है कि आखिर उन्हें कामयाबी कैसे मिली।
कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने सोमवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कोटा सिटी पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन सभी आरोपियों को एक चलती ट्रेन (पुणे-जयपुर एक्सप्रेस) से धर दबोचा है। पुलिस को आरोपियों के मूवमेंट की सटीक सूचना मिली थी, जिसके बाद कोटा रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाकर ट्रेन के भीतर ही इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
15 मिनट में जाल बिछाकर संदिग्धों को पकड़ा- एसपी
कोटा की SP तेजस्वनी गौतम ने कहा, 'आज सुबह हमें एक सूचना मिली, जिसके बाद हमने अपनी टीम को सक्रिय कर दिया। हमें पता चला कि फायरिंग में शामिल तीन मुख्य संदिग्ध ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं और कोटा पहुंचने वाले हैं। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए हमारी टीम ने सिर्फ 15 मिनट के भीतर जाल बिछाया और पूरी ट्रेन की सघन तलाशी ली। कोटा सिटी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के चलते हमने फायरिंग के लिए जिम्मेदार तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया है।'
तीनों आरोपी मुंबई पुलिस को सौंपे जाएंगे- एसपी
उन्होंने आगे कहा, 'हम जल्द ही इन संदिग्धों को मुंबई पुलिस को सौंप देंगे। इन तीनों व्यक्तियों के नाम रेहान उर्फ सुक्का, ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और तीसरा नाबालिग है। रेहान और नाबालिग हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है। ऋतिक पिछले कुछ सालों से महाराष्ट्र के मुंबई में रह रहा था। हमने इन तीनों को पकड़ लिया है और अब हम इन्हें मुंबई पुलिस को सौंप देंगे।' एसपी के मुताबिक, तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे।
रविवार शाम टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला
बता दें कि रविवार की शाम मुंबई के जुहू में तीन हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ पर हमला किया था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने अपनी मोटरसाइकिल को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ा और ट्रेन पकड़कर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद हमलावरों में से दो शूटरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें वे एक्टर की कार के बेहद करीब नजर आ रहे हैं।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी
इसके अलावा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें हमलावर टाइगर की गाड़ी के बेहद करीब आकर ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। हमले के बाद टाइगर जख्मी हालत में गोली लगे अपने ड्राइवर को खुद ड्राइव कर अस्पताल लेकर पहुंचे। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक ऑडियो नोट जारी कर ली। इसके अलावा अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा, 'जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पांडे और हरमन संधु लेते हैं, इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आया, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया। जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा। वेट एंड वॉच। कुछ दूसरे ग्रुप के कुते जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते है, इनको जल्दी ही मार के फेमस करेंगे।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 19 October 2026 at 13:42 IST