ताबड़तोड़ 7 राउंड फायरिंग... क्राइम ब्रांच की 20 टीमें, 4 राज्यों की पुलिस ने मिलकर दबोचे 3 आरोपी, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अबतक क्या-क्या हुआ?
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सोमवार को कोटा में एक न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जिसके बाद आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले आरोपियों को राजस्थान के कोटा शहर से गिरफ्तार किया गया।
- भारत
- 5 min read
Tiger Shroff firing case: रविवार, 18 अक्टूबर की देर रात बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर उनकी कार पर की गई फायरिंग की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सोमवार, 19 अक्टूबर को कोटा में एक न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया, जिसके बाद मुंबई पुलिस के साथ 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है।
इससे पहले सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि एक नाबालिग समेत तीनों आरोपी कैसे घटना को अंजाम देकर वहां से फरार हो गए, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की करीब 20 टीमों की मदद से आरोपियों को राजस्थान के कोटा शहर से गिरफ्तार कर लिया गया। टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब तक क्या-क्या हुआ आइए सिलसिलेवार तरीके से जान लेते हैं।
तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया
सोमवार को राजस्थान के कोटा शहर से तीनों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद सुरक्षा के बीच कोटा में एक न्यायाधीश के आवास पर किया गया, जिसके बाद न्यायाधीश के आदेश के बाद राजस्थान पुलिस आरोपियों को कोटा के एमबीएस अस्पताल में चिकित्सा परीक्षण के लिए ले गई। मेडिकल जांच के बाद तीनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करके मुंबई पुलिस के साथ 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है।
कैसे आरोपियों को पुलिस ने धर-दबोचा?-DSP राज तिलक रौशन
सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि बाइक पर 3 लोग सवार थे। उनमें से दो ने फायरिंग की और फिर बाइक से भाग गए। इसके बाद जांच के लिए करीब 20 विशेष टीमें बनाई गईं। फील्ड वर्क और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर, अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास उस बाइक का पता चला।
CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी विश्लेषण से हमें उन तीनों के रास्ते का पता चला। पता चला कि वे उत्तरी मुंबई की ओर गए और वहां से सूरत के लिए निकल गए। बाद में हमें जानकारी मिली कि वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हुए हैं। हमने पता लगाया कि वे किस डिब्बे में हैं और कोटा पुलिस को सूचित किया। कोटा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और फिर हमने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया। दिल्ली पुलिस, गुजरात पुलिस और राजस्थान पुलिस ने इस मामले में हमारी मदद की है।
फायरिंग के बाद एक्टर से मिले डिप्टी CM शिंदे
फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि 'यह एक गंभीर घटना है। टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे हैं। पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन गनीमत रही कि वे सुरक्षित बच गए। उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं और यह घटना निंदनीय है। मैंने एक्टर से मुलाकात की; उनके बाएं हाथ पर बारूद (गनपाउडर) और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं।'
आगे उन्होंने कहा 'मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस उनके साथ है। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सार्वजनिक हस्तियों को मिल रही खुली धमकियों के मामले में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 90 के दशक में इस तरह की गैंगवार काफी आम थीं, लेकिन मुंबई पुलिस ने 1995 में इनका खात्मा कर दिया था। लोगों को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और हम इस गुंडागर्दी को पूरी तरह खत्म कर देंगे।'
कब और कैसे हुआ टाइगर श्रॉफ पर हमला?
मुंबई पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू इलाके में उस समय फायरिंग हुई, जब टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे। आरोप है कि आरोपियों ने अभिनेता की कार पर गोलियां चलाईं। अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हो गया। घटना के बाद इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109(1) और 3(5), तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 19 October 2026 at 23:20 IST