तेलंगाना में तीन और बच्चे बरामद, बाल अधिकार आयोग ने सरकार से जांच को कहा
Telangana: तेलंगाना में बच्चों को बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद पुलिस ने तीन और बच्चों को बरामद किया है।
Telangana: तेलंगाना में हाल में बच्चों को बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद पूरे प्रकरण की जांच कर रही पुलिस ने तीन और शिशुओं को बचाया है। पुलिस ने यह बृस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अबतक 14 बच्चों को बरामद कर लिया गया है और दो अन्य का पता लगा लिया गया है।
इस बीच, तेलंगाना राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने राज्य महिला विकास एवं बाल कल्याण विभाग को निर्देश दिया है कि वह हाल में बच्चों के बेचने के गिरोह के भंडाफोड़ होने के बाद मामले की जांच करे और उचित कदम उठाए।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि हालांकि दो बच्चों के पते मिल गए हैं, लेकिन उनकी देखभाल करने वाले लोग घर पर नहीं थे। उसने बताया कि दोनों बच्चों को बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बचाए गए 14 बच्चों को शहर के सरकारी बाल आश्रय गृह में भेज दिया गया है और मामले में अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि गिरोह के सदस्य बच्चों को रात के समय तथा सुनसान स्थानों पर खरीददारों को सौंपते थे ताकि कानून प्रवर्तन कर्मियों की नजर उन पर न पड़े।
उन्होंने कहा कि गिरोह के सदस्य संभावित खरीदारों की पहचान करने के लिए अस्पतालों में अपने संपर्कों का इस्तेमाल करते होंगे। राचकोंडा पुलिस ने 28 मई को एक विज्ञप्ति में बताया था कि उसने 11 शिशुओं को बचाया है।
तेलंगाना सरकार के महिला विकास एवं बाल कल्याण विभाग की निदेशक ए. कांति वेस्ले ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बरामद किए गए सभी 14 बच्चे स्वस्थ हैं और चिकित्सक भी उनके स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं।
कांति वेस्ले ने बच्चों से उनके कार्यालय परिसर में स्थित आश्रय गृह में मुलाकात की।
गिरोह को लेकर मीडिया में छपी खबरों पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने विभाग से कहा कि मामले की गहन जांच करे और मामले में संलिप्त वास्तविक दोषियों का पता लगाकर उचित कार्रवाई करे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के एजेंट से बच्चों को खरीदने वाले निसंतान दंपतियों ने बच्चों को उनसे अलग किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ऐसे दंपतियों को बच्चा गोद लेने की प्रक्रिया समझाई गई।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बच्चों को बेचने वाले अंतर-राज्यीय गिरोह का भंड़ाफोड़ कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदसय 1.80 लाख से 5.50 लाख रुपये में तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में नवजात बच्चों को बेचते थे।
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 31 May 2024 at 11:27 IST