West Bengal: शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब CBI के हाथ, SIT में दिल्ली, झारखंड और यूपी के दिग्गज अधिकारी
पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड अभी तक सुलझ नहीं पाया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI के हाथों में पहुंच गई है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड अभी तक सुलझ नहीं पाया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI के हाथों में पहुंच गई है। राज्य सरकार की सिफारिश के बाद CBI ने इस केस को अपने हाथ में ले लिया है और कोलकाता पुलिस द्वारा दर्ज FIR को दोबारा रजिस्टर भी कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक CBI की टीम मंगलवार को पश्चिम बंगाल पहुंचेगी और शुरुआती जांच शुरू करेगी।
आपको बता दें कि चंद्रनाथ रथ, जो पूर्व भारतीय वायुसेना कर्मी भी रह चुके थे, शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक के तौर पर काम कर रहे थे। 6 मई की देर रात मध्यग्राम के पास उन पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना ने राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। मामले में अब तक तीन आरोपियों मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों ने मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया, जबकि राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया से पकड़ा गया।
सीबीआई एसआईटी सदस्यों की टीम कुछ ऐसी है
- पंकज सिंह - डीआईजी सीबीआई दिल्ली
- सुभाष चन्द्र कुंडू, सीबीआई दिल्ली एसपी
- अनिल कुमार यादव, एसपी, सीबीआई दिल्ली
- विकास पाठक, डीएसपी धनबाद, सीबीआई
- अमित कुमार, डीएसपी सीबीआई पटना
- कुलदीप, डीएसपी सीबीआई एसीबी, रांची
- विवेक श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर एसीबी लखनऊ
जांच में अबतक क्या पता चला?
शुरुआती जांच के अनुसार, रथ की गाड़ी रोके जाने के बाद उनका पीछा कर रही दो मोटरसाइकिलों में से एक उनके बगल में आ गई। मोटरसाइकिल पर सवार एक हमलावर ने गोलीबारी शुरू कर दी और बेहद करीब से करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
शुभेंदु अधिकारी ने लगाया था बड़ा आरोप
इस हत्याकांड को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने इसे पूर्व नियोजित हत्या करार देते हुए कहा था कि चंद्रनाथ रथ को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे उनके करीबी सहयोगी थे । अधिकारी ने दावा किया था कि हमलावरों ने कई दिनों तक रेकी की और उसके बाद बेहद करीब से गोली मारकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई थीं। टीएमसी ने मामले में कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग की थी और निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई थी। वहीं, पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी न्यायिक निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई थी। अब CBI के हाथ में जांच जाने के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 12 May 2026 at 10:42 IST