रणवीर अल्लाहबादिया की याचिका पर कल सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट, फूहड़ टिप्पणी के बाद अपनी जान को जताया है खतरा
Ranveer Allahbadia Controversy: रणवीर अल्लाहबादिया ने कोर्ट से अनुरोध किया है कि उसके खिलाफ दर्ज FIR को रद्द कर दिया जाए और कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।
India's Got Latent Controversy : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणवीर अल्लाहबादिया (Ranveer Allahbadia) ने माता-पिता और सेक्स पर अपनी टिप्पणी के लिए दो बार माफी मांग ली है। रणवीर अल्लाहबादिया ने अपनी और उसके परिवार की जान को खतरा जताया है। अभद्र टिप्पणी को लेकर अलग-अलग राज्यों में दर्ज FIR के खिलाफ अल्लाहबादिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। रणवीर की याचिका पर कोर्ट मंगलवार को सुनवाई करेगा।
सुप्रीम कोर्ट में रणवीर अल्लाहबादिया की याचिका पर जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच सुनवाई करेगी। अल्लाहबादिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर महाराष्ट्र और असम में दर्ज FIR को जोड़ने और गिरफ्तारी से संरक्षण दिए जाने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि इंडियाज गॉट लैटेंट शो के प्रसारण के बाद से उनकी जान को खतरा है और कुछ लोगों ने उनको जान से मारने और जुबान काटने के लिए इनाम रखा है।
FIR को रद्द करने की मांग
रणवीर अल्लाहबादिया ने सुप्रीम कोर्ट से सुरक्षा और जीवन की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने और उसके मौलिक अधिकारों की रक्षा किए जाने की गुहार लगाई है। रणवीर अल्लाहबादिया ने कोर्ट से अनुरोध किया है कि उसके खिलाफ दर्ज की गई FIR को रद्द कर उसके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने किया तलब
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इंडियाज गॉट लैटेंट शो विवाद में यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया को 24 फरवरी को अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। इससे पहले साइबर अधिकारियों ने अल्लाहबादिया को पुलिस के सामने पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया। अब पुलिस ने उसे जांच में शामिल होने के लिए 24 फरवरी को फिर से तलब किया है।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस माता-पिता और यौन संबंधों को लेकर रणवीर अल्लाहबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए दर्ज मामले की जांच कर रही है। अल्लाहबादिया ने यह विवादित टिप्पणी समय रैना के शो इंडियाज गॉट लैटेंट में की थी।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 17 February 2025 at 20:17 IST
