'सुखबीर बादल BJP के पैरों में बैठे हैं, हरसिमरत ने इस्तीफा दिया था और...', CM भगवंत मान ने BJP-SAD गठबंधन पर साधा निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के बीच हाल ही में घोषित गठबंधन पर तीखा हमला किया।
- भारत
- 5 min read
पंजाब में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही सियासी पारा चढ़ने लगा है। मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच गठबंधन और अकाली दल की एनडीए में वापसी की आधिकारिक घोषणा के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों दलों पर तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा जारी एक वीडियो बयान में मुख्यमंत्री मान ने इस गठबंधन को जनता को गुमराह करने वाला और अवसरवादी करार दिया।
कृषि कानूनों और हरसिमरत कौर के इस्तीफे पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2020 के किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए बादल परिवार की भूमिका पर सवाल खड़े किए। मान के अनुसार, शुरुआत में पूरा बादल परिवार इन तीन कृषि कानूनों की तारीफ करता था और इन्हें पंजाब की खेती के लिए समृद्ध बनाने वाला बताता था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब किसान आंदोलन को देश और दुनिया से व्यापक समर्थन मिलने लगा और अकाली दल को पंजाब में अपने राजनीतिक अस्तित्व पर संकट दिखाई देने लगा, तब दबाव में आकर तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने इस्तीफा दिया। मान ने दावा किया कि अकाली दल और भाजपा के बीच कभी वास्तविक अलगाव हुआ ही नहीं था, बल्कि यह केवल जनता को दिखाने के लिए किया गया एक नाटक था और दोनों दल पर्दे के पीछे लगातार संपर्क में थे।
सुखबीर बादल के पुराने बयानों की दिलाई याद
सीएम मान ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि वे आज उसी भाजपा के चरणों में जाकर बैठ गए हैं, जिसकी वे कभी कड़ी आलोचना करते थे। मान ने याद दिलाया कि सुखबीर बादल स्वयं यह आरोप लगाते थे कि भाजपा ने आरएसएस की मदद से सिख संस्थाओं, विशेषकर महाराष्ट्र के हजूर साहिब और पटना साहिब की समितियों पर कब्जा कर लिया है। इसके अतिरिक्त, मान ने राष्ट्रीय पर्वों यानी 26 जनवरी और 15 अगस्त की परेड में पंजाब की झांकी को शामिल न किए जाने के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा और कहा कि उनकी सरकार ने संघर्ष करके पंजाब का हक हासिल किया। उन्होंने पंजाब की जनता से 'आप' पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए खुद को राज्य के हितों का सच्चा प्रहरी बताया।
भाजपा-अकाली गठबंधन की वापसी और एनडीए का रुख
दूसरी ओर, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबिन और सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए में अकाली दल की वापसी का स्वागत करते हुए इसे एक 'प्राकृतिक साझेदारी' बताया, जो पंजाब और वहां के लोगों की भलाई को प्राथमिकता देगी। वहीं, सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को महज एक राजनीतिक समझौता न मानकर एक 'भावनात्मक और अटूट बंधन' करार दिया। अपने दिवंगत पिता प्रकाश सिंह बादल के विचारों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हितों के साथ-साथ राज्य में शांति और भाईचारे को मजबूत करने के लिए किया गया है।
पंजाब में गठबंधन का चुनावी इतिहास
पंजाब की राजनीति में भाजपा और अकाली दल का साथ पुराना रहा है। 2007 के विधानसभा चुनावों में इस गठबंधन ने 67 सीटें (शिअद 48, भाजपा 19) और 2012 में 68 सीटें (शिअद 56, भाजपा 12) जीतकर लगातार दो बार सरकार बनाई थी। हालांकि, 2017 के चुनावों में यह आंकड़ा गिरकर 18 सीटों (शिअद 15, भाजपा 3) पर आ गया। 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में गठबंधन टूटने के बाद 2022 के चुनावों में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा, जिसमें आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों के साथ प्रचंड जीत दर्ज की, जबकि अकाली दल महज 3 और भाजपा 2 सीटों पर सिमट गई थी। अब 2027 के लिए दोनों दलों ने एक बार फिर हाथ मिलाया है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 24 November 2026 at 20:50 IST