Subhadra Yojana: महिलाओं को सरकार दे रही 10000 रुपये, क्या आपको भी मिल सकता है? यहां जानिए डिटेल
ओडिशा सरकार सुभद्रा योजना लेकर आ चुकी है जिसमें महिलाओं को सालाना 10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
Subhadra Yojana: भारत सरकार देश के लोगों के लिए अलग-अलग योजनाएं लेकर आती है। सरकार की अलग-अलग योजनाओं का लाभ अलग-अलग तबके के लोगों को मिलता है। इन्हीं में से कुछ योजनाओं के जरिये महिलाओं को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के भी कई प्रयास किए जा रहे हैं।
जाहिर है कि अगर महिलाओं को सशक्त बनाना है तो उन्हें पहले आर्थिक रूप से मजबूत बनाना होगा। इस पर केंद्र के अलावा राज्य सरकारें भी ध्यान दे रही हैं। इस उद्देश्य के साथ ओडिशा सरकार सुभद्रा योजना लेकर आ चुकी है जिसमें महिलाओं को सालाना 10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। आईए जानते हैं कि इस योजना के तहत किन महिलाओं को लाभ मिलता है...
योजना का लाभ तय उम्र की महिलाओं को मिलेगा
दरअसल, इसी साल ओडिशा सरकार ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर महिलाओं के लिए नई योजना सुभद्रा योजना की शुरुआत की है। ओडिशा सरकार की सुभद्रा योजना के तहत जिनके पास ओडिशा का मूल निवासी प्रमाण पत्र है केवल उसे ही इसका लाभ मिल सकता है। इस योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं की उम्र भी तय की गई है। इस योजना के लिए आवदेन करने वाली महिलाओं की उम्र 21 से 60 तक होनी चाहिए। इसके अलावा महिलओं के पास आधार कार्ड से लिंक्ड बैंक खाता होना चाहिए।
इन महिलाओं को नहीं मिलेगा योजना का लाभ
इन महिलाओं का लाभ ऐसी महिलाएं नहीं उठा सकती हैं जो पहले से ही किसी सरकारी योजना का लाभ ले रही हों या फिर टैक्स का भुगतान कर रही हों। इसके अलावा जिन महिलाओं को हर महीने 1500 या उससे अधिक रकम मिलती हो, वह भी इसका लाभ नहीं उठा सकती।
कैसे करना है अप्लाई?
सुभद्रा योजना के लिए महिलाएं ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सबसे पहले योजना की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं...
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://subhadra.odisha.gov.in/ पर जाएं।
- इसके बाद बेनेफिशरी लिस्ट की तलाश कर जाएं।
- फिर जिला, तहसील और ग्राम पंचायत का ऑप्शन सलेक्ट करें और लिस्ट में अपना नाम खोजें।
- लिस्ट में यदि आपको अपना नाम मिल जाता है तो अपने आस-पास के आंगनबाड़ी, CSC या MO सेवा केंद्र पर जाकर फॉर्म लें।
- फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारी भरने और संबंधित डॉक्यूमेंट अटैच करने के बाद इसे आंगनबाड़ी, CSC या MO सेवा केंद्र पर जमा करा दें।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 3 December 2024 at 10:37 IST