UP: लखनऊ में छठी क्लास के छात्र ने ऑनलाइन गेम में गंवाए 13 लाख रुपए, फिर गम में कर लिया सुसाइड, पिता ने जमीन बेचकर जमा किए थे पैसे
लखनऊ में ऑनलाइन गेम में 13 लाख रुपये हारने के बाद छात्र ने सुसाइड कर लिया। पिता ने जमीन बेचकर जमा किए थे रुपये।
Students Suicide: लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां बीआईपीएस स्कूल में पढ़ने वाले क्लास 6th के छात्र यश कुमार ने ऑनलाइन गेम में भारी रकम हारने के बाद आत्महत्या कर ली। यश के पिता सुरेश कुमार यादव पुताई का काम करते हैं। उन्होंने करीब 2 साल पहले जमीन बेचकर 13 लाख रुपये यूनियन बैंक की बिजनौर शाखा में जमा किए थे।
(अगर आप मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो कृपया हेल्प लें और इस नंबर 1800-599-0019 पर संपर्क करें। यहां कॉल करके तनाव, अवसाद या चिंता से बचाव के लिए डॉक्टरों से निशुल्क बात की जा सकती है, यह सेवा भारत के 25 राज्यों में चल रही है।)
ऑनलाइन गेम में रुपये हारने के बाद सुसाइड
सोमवार को पासबुक अपडेट कराने पर जब खाते से 13 लाख रुपये कम होने की जानकारी मिली तो वे हैरान रह गए। जांच करने पर पता चला कि यह रकम ऑनलाइन गेम के जरिए खर्च हो गई थी। घर लौटकर सुरेश ने बेटे यश से इस बारे में पूछा। पहले तो यश ने बात टाल दी, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि फ्री फायर गेम खेलते हुए सारे पैसे हार चुका है।
मां-बाप का इकलौता बेटा था यश
इस पर भी पिता ने बेटे को डांटा नहीं बल्कि सिर्फ समझाया। वहीं ट्यूशन टीचर ने भी भरोसा दिलाया कि वे यश को समझा देंगे। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद यश अपने कमरे में गया और पंखे से लटककर जान दे दी। परिजन यश को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से गांव में मातम
घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। यश अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। मौत की खबर सुनते ही मां विमला बेहोश हो गईं, जबकि बहन गुनगुन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
ऑनलाइन गेम के बढ़ते प्रचलन ने कई समस्याओं को जन्म दिया है। बच्चों और युवाओं को ऑनलाइन गेम के नुकसान के बारे में जागरूक करना आवश्यक है। साथ ही, माता-पिता और शिक्षकों को भी बच्चों पर नजर रखनी चाहिए और उन्हें ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में शिक्षित करना चाहिए।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 16 September 2025 at 13:46 IST