अपडेटेड 29 June 2025 at 10:23 IST
BREAKING: पुरी में रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, भगदड़ में 3 लोगों की मौत, कई घायल: गुंडिचा मंदिर के सामने की घटना
पुरी में रथ यात्रा के दौरान भगदड़ की घटना हो गई है। भगदड़ मचने से तीन लोगों की मौत की जानकारी मिल रही है।
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। रथ यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से तीन लोगों की मौत की जानकारी मिल रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु घायल भी बताए जा रहे हैं। गुंडिचा मंदिर के सामने ये हादसा हुआ है।
पुरी में रविवार तड़के रथ यात्रा के दौरान अचानक अफरातफरी मच गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान जगन्नाथ के रथ के दर्शन के लिए उमड़ी थी। गुंडिचा मंदिर के सामने उसी दौरान धक्का-मुक्की हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भगदड़ में तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना के वक्त मौजूद लोगों ने बताया कि प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था ठीक से नहीं की गई थी।
रथ यात्रा के दौरान भगदड़ में तीन लोगों की मौत
पुरी निवासी स्वाधीन कुमार पंडा ने बताया कि "मैं कल रात 2-3 बजे तक मंदिर के पास ही था, लेकिन व्यवस्था ठीक नहीं थी। VIP के लिए नया रास्ता बनाया गया था, और आम लोगों को दूर से ही बाहर निकलने के लिए कहा गया था। लोग प्रवेश द्वार से ही बाहर निकलने लगे, जिससे भीड़ बढ़ गई। यातायात व्यवस्था भी ठीक नहीं थी, क्योंकि कई अनधिकृत पास वाले वाहन मंदिर के पास आ गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि प्रशासन ने भीड़ को ठीक से नियंत्रित नहीं किया। सबसे बड़ी समस्या निकास द्वार की थी। आज तीन लोगों की मृत्यु हुई है - 2 महिलाएं, एक पुरुष। इसके लिए ओडिशा प्रशासन जिम्मेदार है। रात में वहां कोई पुलिस, प्रशासन नहीं था। रथ यात्रा के दिन भी कई लोगों की मृत्यु हुई, लेकिन सरकार और प्रशासन ने इसका खुलासा नहीं किया और कहा कि कोई हताहत नहीं हुआ।
भगदड़ में 2 महिलाओं की मौत
भगदड़ में 2 महिलाओं की मौत हुई है। हादसे में अपनी पत्नी को खोने वाले एक व्यक्ति ने कहा, "जब यह घटना हुई, तो किसी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं की, न ही अग्निशमन अधिकारियों ने, न ही बचाव दल ने, न ही अस्पताल की टीम ने। यह एक दयनीय घटना है जिसे व्यक्त नहीं किया जा सकता। वहीं, भगदड़ में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को पुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 29 June 2025 at 09:44 IST