'हमारी लाडली बेटी है, शादी का दबाव नहीं बनाया, उसकी हां के बाद ही...', सिया के मां-बाप से पुलिस की पूछताछ, केतन के बारे में क्या-क्या बताया?
Ketan Agarwal Murder: पुलिस ने सिया गोयल के माता-पिता से पूछा कि क्या केतन संग शादी के लिए उसकी सहमति थी? इस पर उन्होंने बताया कि रिश्ते के लिए उसकी सहमति मिलने के बाद ही बात आगे बढ़ाई गई थी। सिया के हां कहने के बाद ही सगाई की गई।
- भारत
- 3 min read
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी है। इसी सिलसिले में मुख्य आरोपी सिया के परिवार से शनिवार (27 जून) को पूछताछ की गई। पुलिस ने सिया के पिता प्रवीण गोयल, मां पूजा से पूछताछ की। इस दौरान सिया और चेतन के रिश्ते, केतन संग शादी के लिए सिया पर दबाव बनाने को लेकर कई सवाल पूछे गए।
पूछताछ के लिए सिया के माता-पिता सुबह लगभग 11 बजे लोणावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन पहुंचे। उनसे सवाल-जवाब का सिलसिला करीब 12 घंटों तक चला। इस दौरान सिया का भाई साहिल भी वहां मौजूद रहा। शुक्रवार (26 जून) को भी मामले को लेकर साहिल से पूछताछ की गई थी।
क्या चेतन के बारे में सिया ने बताया था?
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने सिया के माता-पिता से सवाल किया कि क्या वह चेतन संग उसकी दोस्ती और उनके बीच प्रेम संबंध के बारे में जानते थे? इस पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। सिया ने उनसे चेतन के बारे में कभी कुछ नहीं कहा। पुलिस ने पूछा कि क्या सिया ने चेतन से शादी करने को कहा था? उन्होंने बताया कि सिया ने कभी ऐसा नहीं कहा।
सिया पर बनाया गया था शादी के लिए दबाव?
सिया के माता-पिता से केतन अग्रवाल संग उनके रिश्ते को लेकर भी कई सवाल पूछे गए। उनसे सवाल हुआ कि क्या शादी के लिए सिया की सहमति थी? इस पर उन्होंने बताया कि सिया के लिए केतन का रिश्ता मित्तल परिवार की ओर से आया था। हमने सिया को केतन के बारे में बताया और उसकी तस्वीरें भी दिखाईं। रिश्ते के लिए उसकी सहमति मिलने के बाद ही बात आगे बढ़ाई गई थी। सिया के हां कहने के बाद ही सगाई की गई।
सिया के माता-पिता ने बताया कि केतन संग रिश्ता तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। दोनों सगाई के बाद कई बार मिले थे और साथ घूमने भी गए। केतन कई बार उनके घर आए। सिया ने कभी शिकायत नहीं की कि उसे केतन का व्यवहार नहीं पसंद है। उन्होंने कहा कि सिया हमारी लाडली बेटी है। हमने उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया।
उन्होंने सिया के भाई साहिल और चेतन की दोस्ती के बारे में भी बताया। सिया के पेरेंट्स ने बताया कि दोनों क्रिकेट खेलते समय मिलते थे। साहिल ने खुद बताया है कि वह चेतन का दोस्त है। साहिल के कई दोस्त हैं, चेतन भी उनमें से एक हो सकता है। हमने दोनों को कभी साथ नहीं देखा।
‘सिया-केतन को हमेशा हंसते-मुस्कुराते साथ देखा’
सिया के माता-पिता ने कहा कि सिया और केतन को हमने साथ में हमेशा हंसते-मुस्कुराते देखा है। हमें कभी शक नहीं हुआ। आज भी भरोसा नहीं होता कि सिया ने ऐसा कुछ किया।
सिया और केतन की फरवरी में सगाई हो चुकी थी। दोनों नवंबर में शादी के बंधन में बंधने वाले थे। वहीं, सिया का चेतन चौधरी संग अफेयर चल रहा था। दोनों ने मिलकर 18 जून 2026 को लोहागढ़ किले से केतन को धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सिया ने इस घटना को अंजाम देने के पीछे कई वजहें बताई है। उसने कहा कि केतन विग पहनता और हकलाता था और इसलिए वो उसे पसंद नहीं करती थी।
सिया को क्यों चाहिए था तीन साल का समय?
बताया ये भी जा रहा है कि सिया अभी शादी के लिए तैयार नहीं थी। उसे दो-तीन साल का और समय चाहिए था। रिपोर्ट्स के अनुसार, सिया ने पूछताछ में बताया कि उसे लग रहा था कि अगर वह केतन की हत्या कर देती है, तो उसे शादी करने के लिए कम से कम तीन साल का समय और मिल जाएगा।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 28 June 2026 at 08:37 IST