अपडेटेड 29 January 2025 at 13:08 IST
Mahakumbh 2025: महाकुंभ में भगदड़ के बाद हालात सामान्य, PM मोदी ने CM योगी से की बात, शुरू होगा अखाड़ों का अमृत स्नान
महाकुंभ में अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। संतों और अखाड़ों के अमृत स्नान के लिए तैयारी की जा रही है। पीएम मोदी भी घटना पर नजर बनाए हुए हैं।
महाकुंभ में अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। त्रिवेणी संगम में अमृत स्नान के लिए महाकुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहींं, संतों और अखाड़ों के अमृत स्नान के लिए तैयारी की जा रही है। सीएम योगी श्रद्धालुओं से बार-बार अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील कर रहें हैं। महाकुंभ में भगदड़ की घटना के बाद से ही प्रधानमंत्री मोदी लगातार सीएम योगी से घटना की पल-पल अपडेट ले रहे हैं।
महाकुंभ में हुई भगदड़ घटना की जानकारी देते हुए CM योगी ने बताया कि प्रयागराज में आज लगभग 8-10 करोड़ श्रद्धालु मौजूद हैं। कल लगभग 5.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ का स्नान किया था। श्रद्धालुओं के संगम नोज पर जाने से भारी दबाव बना हुआ है। रात 1-2 बजे के बीच अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेड्स को फांद कर आने में कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं को सकुशल स्नान कराने के लिए लगातार लगा हुआ है।
PM मोदी ने CM योगी से की बात
प्रधानमंत्री मोदी महाकुंभ में स्थिति को लेकर राज्य सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं। CM योगी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि PM मोदी सुबह से लगभग 4 बार श्रद्धालुओं के बारे में जानकारी ले चुके हैं। वो लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और हालात की पल-पल अपडेट ले रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी प्रात: से ही श्रद्धालुओं के बारे में लगातार जानकारी ले रहे हैं।
PM मोदी ने घटना पर क्या कहा?
वहीं, महाकुंभ में भगदड़ की घटना पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा- प्रयागराज महाकुंभ में जो हादसा हुआ, वह बेहद दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद करने में लगा हुआ है। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बात की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।
अमृत स्नान की तैयारी जारी-DIG वैभव कृष्ण
इधर त्रिवेणी संगम पर संतों और अखाड़ों का अमृत स्नान थोड़ी देर में शुरू होने वाला है। महाकुंभ के DIG वैभव कृष्ण ने बताया, अमृत स्नान शुरू होने वाला है। जो परंपरागत क्रम है उस तरह से यह होगा। पुलिस और प्रशासन सभी अखाड़ों को उनके परंपरागत क्रम में जाने में मदद करेगा। स्थिति नियंत्रण में है। हम आज सुबह की घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। यह लोगों की भारी भीड़ के कारण हुआ। 10 करोड़ से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
CM योगी की श्रद्धालुओं से अपील
वहीं, CM योगी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वो संगम की ओर जाने की कोशिश करने के बजाय मां गंगा के नजदीकी घाट पर डुबकी न लगाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने को भी कहा।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 29 January 2025 at 13:08 IST