अपडेटेड 15 June 2024 at 20:47 IST
सिक्किम के मुख्यमंत्री भूस्खलन से प्रभावित गांव में पहुंचे, लोगों से बातचीत की
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग शनिवार को नामची जिले में भूस्खलन की चपेट में आए गांव मझुआ पहुंचे और प्रभावित लोगों से बातचीत की।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग शनिवार को नामची जिले में भूस्खलन की चपेट में आए गांव मझुआ पहुंचे और प्रभावित लोगों से बातचीत की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यांगांग हेलीपैड पर पर्यटन केंद्र में स्थापित राहत शिविर में प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत की।
इस सप्ताह की शुरुआत में गांव में भूस्खलन होने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई घर नष्ट हो गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के घर भूस्खलन के कारण पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं, उन्हें आधा एकड़ खेती योग्य जमीन दी जायेगी।
उन्होंने पीड़ितों के परिवारों को अनुग्रह राशि के रूप में पांच लाख रुपये के चेक भी दिए।
तमांग ने सड़क और पुल विभाग को मझुआ गांव में जल्द से जल्द सड़क संपर्क बहाल करने का निर्देश दिया और आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को स्थिति सामान्य होने तक राज्य सरकार से सभी आवश्यक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने सबसे अधिक प्रभावित कई क्षेत्रों का दौरा किया और व्यक्तिगत रूप से प्रभावित लोगों से बातचीत की।
तमांग ने कहा कि मझुआ, यांगांग की उनकी यात्रा पीड़ितों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने और दीर्घकालिक पुनर्वास के लिए आधार तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 15 June 2024 at 20:47 IST