शिवसेना का स्थापना दिवस आज, 'ऑपरेशन टाइगर' के बीच दोनों गुटों का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस ने जारी किया अलर्ट,क्या बागी थामेंगे शिंदे गुट का दामन?

शिवसेना के स्थापना दिवस पर दोनों गुटों के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों को देखते हुए मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चा के बीच दोनों गुटों आज शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे।

 
Follow :
शिवसेना का स्थापना दिवस आज, 'ऑपरेशन टाइगर' के बीच दोनों गुटों का शक्ति प्रदर्शन | Image: ANI

महाराष्ट्र की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। शिवसेना शुक्रवार को अपना 60वां स्थापना दिवस मना रही है। इस खास मौके पर पार्टी के दोनों गुट एक भी फिर आमने सामने है। दो गुट शक्ति प्रदर्शन की भी तैयारी में है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना गोरेगांव के नेस्को सेंटर में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जबकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) सायन के शन्मुखानंद सभागृह में अपना स्थापना दिवस मना रही है। समारोहों के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है।

दोनों गुटों के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों को देखते हुए मुंबई पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस की ओर से इस संबंध में एडवाइजरी भी जारी की गई है। एडवाइजरी में बताया गया है कि बड़े आयोजनों के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। ‘ऑपरेशन टाइगर’ को देखते हुए मुंबई पुलिस भी अलर्ट मोड पर है।

स्थपना दिवस पर होगा शक्ति प्रदर्शन

बता दें कि इस बार शिवसेना के स्थापना दिवस पर एकनाथ शिंदे की नेतृत्व वाली शिवसेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के बीच मुकाबला सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि ताकत और जनसमर्थन के प्रदर्शन का भी होगा। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) में टूट की अटकलों जोरों पर है। ऑपरेशन टाइगर के तहत 6 बागी सांसद आज शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं, जिसकी चर्चा बीते दो दिनों से लगातार हो रही है।

मुंबई पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

मुंबई पुलिस ने दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए सभी जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। पुलिस की ओर से जारी विशेष एडवाइजरी में ये निर्देश दिए गए हैं।

  • गोरेगांव और सायन समेत संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं।
  • दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी भी तरह के टकराव को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाए।
  • शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव एहतियाती कदम उठाए जाएं।

पुलिस को आशंका है कि अगर सांसदों के शामिल होने की खबर सामने आई तो दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच विरोध-प्रदर्शन या आमने-सामने की स्थिति पैदा हो सकती है।

इन सांसदों के शिंदे गुट में जाने की चर्चा

उद्धव ठाकरे गुट के जिने छह सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चा है। इन सांसदों के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि,अब तक सिर्फ ये अटकलें हैं। किसी बागी सांसद की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

  • नागेश आष्टीकर
  • संजय देशमुख
  • संजय जाधव
  • संजय दीना पाटिल
  • ओमप्रकाश राजेनिंबालकर
  • भाऊसाहेब वाकचौरे

बागी सांसदों की बढ़ाई गई सुरक्षा

सूत्रों के मुताबिक, इन छहों सांसदों ने शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय की मांग करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र सौंप दिया है। हालांकि, अभी यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। माना जा रहा है कि अध्यक्ष कार्यालय को कुछ सांसदों की व्यक्तिगत उपस्थिति की जरूरत पड़ सकती है, जिसके बाद ही अंतिम फैसला हो पाएगा। बता दें कि संभावित सुरक्षा खतरे को देखते हुए उद्धव गुट के सभी 6 बागी सांसदों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन सांसदों को तत्काल प्रभाव से 'Y+' श्रेणी के बराबर स्थानीय सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें: 'ब्राह्मण अपमान नहीं भूलता, बगावत...'अपने दावे से पीछे नहीं हट रहे राजभर
 

 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 19 June 2026 at 10:57 IST