अपडेटेड 16 November 2024 at 19:13 IST
राहुल गांधी पर बोले शाह, कहा- वादे कर विदेश चले जाते हैं, सिर्फ BJP अपनी गारंटी पूरी करती है
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शनिवार को दावा किया कि पार्टी नेता राहुल गांधी वादे करने के बाद विदेश चले जाने में यकीन रखते हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी हर गारंटी पूरी करती है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शनिवार को दावा किया कि पार्टी नेता राहुल गांधी वादे करने के बाद विदेश चले जाने में यकीन रखते हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी हर गारंटी पूरी करती है। झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासनकाल में जहां आतंकवादियों ने न सिर्फ भारत को निशाना बनाया, बल्कि लोगों को मारने के बाद बिरयानी का लुत्फ भी उठाया, वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हवाई हमलों और सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये आतंकवादियों का सफाया किया।
उन्होंने कहा
उन्होंने कहा, “राहुल बाबा एक के बाद एक वादे करते हैं, लेकिन वादे करने के बाद वह विदेश चले जाते हैं... वहीं दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री मोदी का वादा पत्थर की लकीर की तरह है। वह जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। भाजपा अपनी गारंटी पूरी करती है और केवल हम ही झारखंड का भविष्य संवार सकते हैं। कांग्रेस, झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) और राजद (राष्ट्रीय जनता दल) कभी राज्य के हित में काम नहीं कर सकते।” झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन सरकार पर घुसपैठियों को अपना ‘वोट बैंक’ बनाने का आरोप लगाते हुए शाह ने एलान किया कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद घुसपैठ पर लगाम लगाई जाएगी।
उन्होंने दावा किया, “घुसपैठिये न केवल आदिवासियों के लिए, बल्कि नौकरियां छीनकर और अपराध को बढ़ावा देकर राज्य के युवाओं के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं। झारखंड उच्च न्यायालय ने घुसपैठियों की पहचान करने और उन्हें निर्वासित करने का निर्देश दिया था। केंद्र ने इस पर सहमति जताई, लेकिन राज्य की हेमंत सोरेन सरकार तैयार नहीं हुई।” शाह ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव विधायक, मुख्यमंत्री या सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि युवाओं एवं गरीबों के भविष्य को संवारने तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड कोयले के जरिये देश को बिजली देता है, लेकिन राज्य के लोग गरीब बने हुए हैं। गृह मंत्री ने दावा किया कि अगर झारखंड में भाजपा सत्ता में आती है, तो पार्टी पांच साल में इसे देश का सबसे समृद्ध राज्य बना देगी। उन्होंने कहा कि भारत दिसंबर 2027 से पहले दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 16 November 2024 at 19:13 IST