शादमान चौक का नाम भगत सिंह चौराहा करने के लिए लाहौर भेजें राजग प्रतिनिधिमंडल: केसी त्यागी

के सी त्यागी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि लाहौर के शादमन चौक का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने के लिए राजग का एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान भेजा जाए।

Follow :  
×

Share


केसी त्यागी | Image: kc tyagi/ani/ x

जनता दल (यूनाईटेड) के नेता के सी त्यागी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि लाहौर के शादमन चौक का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने के लिए 23 मार्च को प्रस्तावित सिविल सोसाइटी मार्च में हिस्सा लेने के वास्ते सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान भेजा जाए। त्यागी ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।

भगत सिंह को राजगुरु और सुखदेव के साथ ब्रिटिश सरकार ने औपनिवेशिक शासकों के खिलाफ षड्यंत्र में शामिल रहने और एक ब्रिटिश अधिकारी की हत्या के आरोप में 23 मार्च 1931 को लाहौर सेंट्रल जेल में फांसी दे दी थी।

त्यागी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने जेल को ढहा दिया और उसकी जगह शादमान कॉलोनी का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में शादमान चौक का नाम भगत सिंह के नाम पर रखने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

जद (यू) नेता ने पत्र में लिखा, ‘‘दोनों देशों के नागरिक समाज के सदस्य इस मांग के मद्देनजर हर साल 23 मार्च को कैंडल मार्च निकालते है। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि राजग के एक प्रतिनिधिमंडल को लाहौर भेजा जाए।’’

साथ ही उन्होंने अनुरोध किया कि उन्हें भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि भगत सिंह न केवल भारत में बल्कि पाकिस्तान में भी लोकप्रिय हैं।

पाकिस्तान में स्थानीय प्रशासन ने पहले भगत सिंह के नाम पर जगह का नाम रखने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन लोगों के एक वर्ग के विरोध के बाद इस योजना को रद्द कर दिया गया था।

इसे भी पढ़ें: BREAKING:कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी में रिपब्लिक की रिपोर्टर पर हमला

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 13 March 2025 at 16:52 IST