SIR 2.0: UP-बंगाल समेत 12 राज्य, 51 करोड़ मतदाता... आज से देश में शुरू हो रहा SIR का दूसरा चरण, घर-घर आएंगे BLO
SIR 2.0: देश के कुल 9 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में आज से SIR की शुरुआत होने जा रही है, इसमें 51 करोड़ मतदाता शामिल होंगे। अगले साल 7 फरवरी को अंतिम मतदाता चुनावी सूची के प्रकाशन के साथ यह प्रक्रिया पूरी होगी।
SIR Phase 2: आज (4 नवंबर) से देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के दूसरे चरण की शुरुआत हो रही है। 9 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया चलेगी। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 51 करोड़ मतदाता हैं। अगले साल 7 फरवरी को अंतिम मतदाता चुनावी सूची के प्रकाशन के साथ यह प्रक्रिया पूरी होगी।
ये SIR का दूसरा चरण है। इससे पहले बिहार में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। राज्य में 30 सितंबर 2025 को अंतिम मतदाता सूची जारी हुई थी। बिहार में करीब 7.42 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज हुए।
SIR के दूसरे चरण की हो रही शुरुआत
चुनाव आयोग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर SIR के दूसरे चरण का ऐलान किया था। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया था कि दूसरे चरण में मतदाता सूची के अपडेशन, नए वोटरों के नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और लिंकिंग-मैचिंग पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने इसका पूरा शेड्यूल भी बताया था।
चुनाव आयोग के अनुसार, मुद्रण और प्रशिक्षण (printing and training) 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक किया जाना था। इसके बाद नवंबर से 4 दिसंबर तक गणना चरण होगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची 9 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी। 9 दिसंबर से 8 जनवरी, 2026 तक दावे और आपत्ति का समय होगा। नोटिस चरण (सुनवाई और सत्यापन के लिए) 9 दिसंबर से 31 जनवरी, 2026 की तारीख तय की गई। वहीं, 7 फरवरी, 2026 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
ये राज्य हैं शामिल
जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, उनमें- अंडमान-निकोबार द्वीप, लक्षद्वीप, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल है। तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। इस लिहाज से यहां SIR को काफी अहम माना जा रहा है।
असम में भी साल 2026 में चुनाव होने हैं, लेकिन वहां SIR की घोषणा अलग से होगी, क्योंकि अभी सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में वहां नागरिकता की जांच का काम चल रहा है।
तीन बार घर आएंगे BLO
मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक इस अभियान में 5.33 लाख बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और 7.64 लाख राजनीतिक दलों के बूथ एजेंट (BLA) शामिल होंगे। हर घर कम से कम तीन बार BLO जाएंगे। वो नए मतदाताओं को जोड़ने और त्रुटियां सुधारने का काम करेंगे।
उन्होंने बताया कि BLO घर-घर जाकर Form-6 और Declaration Form एकत्र करेंगे। वो नए वोटरों को फॉर्म भरने में मदद करेंगे। इन दस्तावेजों को Electoral Registration Officer (ERO) या Assistant Electoral Registration Officer (AERO) को सौंपेंगे।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 4 November 2025 at 08:57 IST