'तमाशा बनाकर रखा है, अब उनको नहीं छोड़ेंगे, मां भवानी की कसम...', संजय राउत ने बागी सांसदों को दी खुली धमकी, कहा- इस्तीफा दो और जाओ
शिवसेना (UBT) में टूट की खबरों के बीच संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बागी सांसदों को खुली धमकी देते हुए कहा, 'अगर यह सच निकला तो अब उनको नहीं छोड़ेंगे।'
- भारत
- 3 min read
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी TMC में टूट की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अब महाराष्ट्र में उद्धव गुट में सेंध की बात सामने आ रही है। उद्धव ठाकरे की गुट के 6 बागी सांसद आज, 17 जून को नई दिल्ली में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं। शिवसेना (UBT) में टूट की खबरों और बागी सांसदों की गतिविधियों पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता संजय राउत ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बागी सांसदों को खुलकर चेतावनी भी दे डाली।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने महाराष्ट्र में सांसदों की खरीद-फरोख्त का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इसे ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो भी पार्टी छोड़ना चाहता है, वह इस्तीफा देकर जाए, लेकिन बिना इस्तीफा के बगावत की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे बागी सांसदों के खिलाफ शिवसेना (UBT) कड़ी कार्रवाई करेगी।
तमाशा बनाकर रखा है, अब छोड़ेंगे नहीं- संजय राउत
शिवसेना UBT में फूट की अटकलों के बीच पार्टी सांसद संजय राउत ने कहा, "हमारे सांसदों के लिए उद्धव जी ने अपना खून पशीना बहाया। टिकट दिया, अपना पैसे देकर चुनाव लड़ाया। जिसकी कोई पहचान नहीं थी उसे सांसद बनाया। फिर भी अगर हमारे सांसदों के बारे में ऐसी खबरें आती हैं, तो उन्हें उनका खंडन करना चाहिए। लेकिन मैं एक बात कहूंगा कि अगर कोई ऐसा है जो बागी है तो अब उनको नहीं छोडूंगा। महाराष्ट्र की जनता भी सब देख रही है। इस बार महाराष्ट्र के लोग चुप नहीं रहेंगे। तमाशा बनाकर रखा है क्या? अगर कोई जाना चाहता है, तो वो इस्तीफा देकर जा सकता है।"
साईं बाबा, मां भवानी की शपथ ली- संजय राउत
संजय राउत ने बागी सांसदों को खुली चुनौती देते हुए कहा, “एक ने साईं बाबा की शपथ ली, एक ने मां भवानी की शपथ ली, एक ने अपनी मां की शपथ ली और एक ने अपनी मां-बेटी की शपथ ली। इसके बावजूद अगर कोई शिवसेना छोड़कर जाता है तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं।” संजय राउत ने एक बार फिर सांसदों के खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए कहा कि बीती रात इनको 15-15 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
सांसदों के लिए जारी हुई व्हिप
राउत ने कहा कि पार्टी किसी भी बगावत को बर्दाश्त नहीं करेगी और बागी सांसदों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। कल 11 बजे संसदीय दल की बैठक है। सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया गया फिर भी अगर वो बैठक मौजूद नहीं रहे तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। अभी तक हम सभी साथ हैं और हम सबका अध्यक्ष एक है। बीजेपी शिवसेना को तोड़ने की कोशिश कर रही। पीसी में संजय राउथ के साथ अरविंद सावंत और अनिल देसाई भी मौजूद रहे।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 June 2026 at 12:52 IST