अपडेटेड 19 January 2025 at 13:46 IST
जंगल में छिपा, मुस्लिम बस्ती की तरफ भागा ताकि... कौन कर रहा था मदद, मुंबई पुलिस ने कैसे पकड़ा सैफ अली खान का हमलावर?
सैफ अली खान केस में मुंबई पुलिस का दावा है कि आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के बांग्लादेशी होने के सबूत मिले हैं, जिसने भारत में आकर नाम बदला।
Saif Ali Khan Case: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान केस में गिरफ्तारी तथाकथित हमलावर को लेकर नया खुलासा हुआ है। मुंबई पुलिस ने हमलावर को रविवार तड़के गिरफ्तार किया। 16 जनवरी को देर रात अभिनेता सैफ अली खान पर उनके बांद्रा अपार्टमेंट में हमला हुआ था और कई बार चाकू से वार किए गए थे। हमले में अभिनेता की जान बाल-बाल बची है। घटना के तकरीबन 70 घंटे बाद संदिग्ध हमलावर पुलिस की गिरफ्त में आया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद (31) के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि पकड़ा गया आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है, क्योंकि उसके पास कोई भारतीय दस्तावेज नहीं मिला है।
मुंबई के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) जोन 9 दीक्षित गेदाम दावा करते हैं कि आरोपी के बांग्लादेशी होने के शुरुआती सबूत मिले हैं। उसके पास वैध भारतीय दस्तावेज नहीं हैं। जब्त की गई कुछ चीजों से पता चलता है कि वो बांग्लादेशी नागरिक है। डीसीपी के मुताबिक, आरोपी चोरी करने के इरादे से मशहूर अभिनेता के आवास में घुसा था।
मुंबई पुलिस का हैरान करने वाला दावा
पुलिस का सबसे हैरान करने वाला दावा ये है कि बांग्लादेशी नागरिक, जिसका नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, उनसे भारत में आकर अपना नाम बदल लिया और विजय दास बनकर रहने लगा। अधिकारी बताते हैं कि आरोपी 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। आरोपी कई उपनामों का इस्तेमाल कर रहा था। वो कुछ दिनों तक मुंबई में रहा और फिर मुंबई के आसपास के इलाकों में रहा। वो एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम करता था।
मुंबई पुलिस कैसे आरोपी तक पहुंची?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी ठाणे के जंगल से हुई है, जो सैफ के घर से तकरीबन 36 किलोमीटर दूर है। बताया जाता है कि पुलिस ने देर रात यहां के लोगों का फोन जब्त कर लिया था। पुलिस को पहले ही शक था कि आरोपी इधर ही है। वो आरोपी जंगल में छुपकर बैठा था। सूत्र बताते हैं कि आरोपी घटना के बाद मुस्लिम एरिया में जाकर बचने की फिराक में था। जहां वो छिपा था, वहां भी आसपास जितने लोग रहते हैं, उनके ज्यादातर मुस्लिम परिवार हैं। उनकी की आड़ में आरोपी छिपना चाहता था।
सूत्रों से पता चला है कि लगभग 50 पुलिस अधिकारी जंगल में आए थे। आरोपी की गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने 500 लोगों के फोन जब्त किए थे। आरोपी ने जंगल के अंदर तीन से चार बार अपनी जगह भी बदली। पुलिस ने मोबाइल जब्त करके कुछ देर अपने पास ही रखे, ताकि आरोपी के फोन को ट्रैक किया जा सके। सूत्र बताते हैं कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपना मोबाइल फोन बीच-बीच में बंद कर देता था। हालांकि फोन के आधार पर आरोपी तक मुंबई पुलिस पहुंची और गिरफ्तार किया। मुंबई पुलिस ने आरोपी के पास से वो बैग और जो कपड़ा पहनकर सैफ अली खान के घर घुसा था, उसको बरामद किया है।
आरोपी की साख की जांच कर रही पुलिस
पुलिस आरोपी की साख की जांच कर रही है और जांच कर रही है कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है। पुलिस को शक है कि आरोपी बांग्लादेशी मूल का है और इसलिए पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं को भी लगाया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी और कस्टडी मांगेगी।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 19 January 2025 at 11:26 IST