अपडेटेड 29 March 2025 at 12:50 IST

'सिकंदर' बना 'सनातनी'! सलमान ने पहना राम मंदिर एडिशन वॉच, मचा बवाल; जमात ने बताया हराम तो अयोध्‍या के संत ने कहा हिंदुस्‍तानी

सलमान खान की घड़ी पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के ऐतराज जताने पर अयोध्या के संत विष्णु दास महाराज जी ने करारा जवाब दिया है।

Follow :  
×

Share


Salman Khan Watch Controversy: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की राम मंदिर वाली घड़ी पर विवाद गरमाता जा रहा है। उनकी इस घड़ी को लेकर विरोध के सुर उठ रहे हैं। एक ओर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सख्त ऐतराज जताया है। वहीं दूसरी ओर अयोध्या के संत विष्णु दास महाराज जी ने सलमान का समर्थन करते हुए रजवी को करारा जवाब दिया है।

दरअसल, सलमान खान की फिल्म सिकंदर 30 मार्च को ईद के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। ऐसे में वह अपने फिल्म के प्रमोशन में बिजी हैं। हाल ही में वह राम मंदिर स्पेशल एडिशन वॉच पहनकर प्रेस मीट में पहुंचे। यहां उन्होंने बताया कि उन्हें यह घड़ी उनकी मां और बहन ने तोहफे में दी है। इस कीमती घड़ी पर अयोध्या मंदिर, भगवान श्री राम और हनुमान जी की तस्वीर बनी हुई है। इसकी कीमत 34 से 35 लाख रुपये बताई जा रही है। ऐसे में जब ये घड़ी पहने सलमान खान की तस्वीर सामने आई तो बवाल मच गया।

सलमान खान की घड़ी पर भड़के मौलाना

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक्टर के राम मंदिर एडिशन वॉच पहनने को पाप समान बताया है। उन्होंने कहा- 'सलमान खान हिंदुस्तान की मशहूर शख्सियत का नाम है। वह जाने-माने मुसलमान है जिनकी तगड़ी फैन-फॉलोइंग है। उन्होंने अपने हाथों पर राम मंदिर के प्रचार के लिए राम एडिशन के नाम से घड़ी पहन रखी है। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि कोई भी मुसलमान शख्स, फिर चाहे वह सलमान खान ही क्यों न हो, अगर वह राम मंदिर का प्रचार कर रहे हैं या किसी और गैर इस्लामी संस्थाओं का या मजहबी चीजों का प्रचार कर रहे हैं तो यह नाजायज और हराम है।'

मौलाना रजवी ने घड़ी उतार की दी नसीहत

रजवी ने कहा कि मैं 'उन्हें बताना चाहता हूं कि वह सबसे पहले मुसलमान हैं। इस्लामी कानून किसी भी मुसलमान को गैर-मुसलमानों के धार्मिक प्रतीकों, इमारतों या मंदिरों का प्रचार करने की अनुमति नहीं देता है। अगर कोई मुसलमान इस तरह के प्रचार में शामिल होता है- चाहे वह मंदिर का हो या 'राम संस्करण' वाली घड़ी पहनकर, तो शरिया के अनुसार, वह अपराध कर रहा है और उसे पाप माना जाता है। यह काम हराम है, इससे बचना चाहिए। मैं सलमान खान को नसीहत देना चाहता हूं कि वह अपने हाथों से राम नाम एडिशन की घड़ी उतार दें।'

सलमान के घड़ी पहनने पर मौलाना बौखला गए- संत

वहीं अयोध्या के संत विष्णु दास महाराज जी ने सलमान खान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि 'यह हिंदुस्तान है और यहां आजादी है कि क्या पहनना है और क्या नहीं पहनना है। श्री राम लिखी घड़ी अगर सलमान खान ने पहन भी ली तो मौलाना शहाबुद्दीन इस तरह से बौखला गए। उन्हें पागलपन का दौरा आ चुका है। या फिर उनकी मानसिकता ठीक नहीं है। यह हिंदुस्तान है और यहां रहने वाले सभी हिंदुस्तान के नागरिक हैं। हिंदुस्तान के नागरिक होने के नाते वह कोई भी सामान खरीदकर पहन सकते हैं। उस पर चाहे श्री राम लिखा और या श्री कृष्ण या फिर कुछ और, उसे पहनने का उन्हें अधिकार है। उनके खिलाफ इस तरह का बयान देना बेहद दुखद है। यहां हिंदुस्तान और समाज का अपमान हुआ है।'

अपनी मानसिकता ठीक कर लें शहाबुद्दीन रजवी- संत

उन्होंने आगे मौलाना शहाबुद्दीन रजवी से उनकी मानसिकता ठीक करने की हिदायत देते हुए कहा कि अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो इससे नफरत फैलेगी और समाज में गलत संदेश जाएगा।

30 मार्च को रिलीज हो रही ‘सिंकदर’

बता दें कि सलमान खान की मच अवेटेड फिल्म 'सिंकदर' 30 मार्च को रिलीज हो रही है। एआर मुरुगदास ने फिल्म को डायरेक्ट किया है। सलमान खान, रश्मिका मंदाना के अलावा फिल्म में काजल अग्रवाल, शरमन जोशी और प्रतीक बब्बर अहम भूमिका में हैं। 

यह भी पढ़ें: Earthquake: भूकंप आया, सब हिल उठा और फिर... बैंकॉक से लौटे भारतीयों ने बयां किया तबाही का खौफनाक मंजर
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 29 March 2025 at 12:47 IST