अपडेटेड 21 May 2024 at 22:08 IST

रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट: NIA का तगड़ा एक्शन, 4 राज्यों के 11 ठिकानों पर छापेमारी, अहम दस्तावेज जब्त

रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट की जांच कर रही NIA ने मंगलवार को 4 राज्यों के 11 ठिकानों पर छापेमारी की है। NIA की टीम ने डिजिटल डिवाइस और दस्तावेज जब्त किए हैं।

Follow :  
×

Share


रामेश्वरम कैफे | Image: PTI

Rameshwaram Cafe blast : बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट के मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को 4 राज्यों में 11 जगहों पर छापेमारी की। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे विस्फोट के पीछे की पूरी साजिश को उजागर करने और विदेश से आरोपियों को संभालने में शामिल अन्य साजिशकर्ताओं की पहचान करने के लिए छापेमारी की है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एक कार्रवाई में NIA टीमों ने मामले के संबंध में कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 11 स्थानों की तलाशी ली। रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को हुए IED विस्फोट में कई ग्राहक और कर्मचारी घायल हो गए थे। इनमें से कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। अधिकारियों ने कहा कि जिन जगहों पर छापेमारी की गई है उनमें बेंगलुरु के कुमारस्वामी लेआउट और बानाशंकरी भी शामिल थे।

डिजिटल डिवाइस और दस्तावेज जब्त

NIA ने कहा कि जिन 11 संदिग्धों के परिसरों की मंगलवार को तलाशी ली गई, उनमें 2012 के बेंगलुरु और हुबली जिलों के लश्कर-ए-तैयबा (LeT) साजिश मामले में दोषी ठहराए गए लोग शामिल हैं। NIA ने अलग-अलग डिजिटल डिवाइस और दस्तावेजों को जब्त किया गया हैं। जिनकी एजेंसी जांच कर रही है।

मास्टरमाइंड हो चुका है गिरफ्तार

NIA ने 3 मार्च को रामेश्वरम कैफे विस्फोट के जांच अपने हाथ में ली थी। एजेंसी ने 12 अप्रैल को दो मुख्य आरोपियों मास्टरमाइंड अदबुल मथीन अहमद ताहा और मुसाविर हुसैन शाजिब को कोलकाता में उनके ठिकाने से गिरफ्तार किया था। जहां वो अपने पहचान बदलकर रह रहे थे। ये दोनों कथित तौर पर शिवमोगा में स्थित इस्लामिक स्टेट मॉड्यूल के सदस्य हैं। इसी मॉड्यूल के सदस्य शारिक ने 19 नवंबर, 2022 को मंगलुरु में विस्फोट किया था। ताहा, मुसाविर हुसैन शाजिब और अन्य एक आरोपी को कोलकाता के पास एक लॉज से गिरफ्तार किया गया था। इन तीनों आरोपियों ने ही कथित तौर पर कैफे में IED रखा था।

(भाषा इनपुट के साथ रिपब्लिक भारत डेस्क)

ये भी पढ़ें: सारण हिंसा पर आया तेजस्वी यादव का बयान, कहा- अभी चुनाव के समय कुछ कहना उचित नहीं, लेकिन...

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 21 May 2024 at 21:57 IST