Ram Mandir: महिला मित्र को दिए लाखों के गिफ्ट, आरोपी अविनाश शुक्ला को लेकर खुलासा, 15 लाख के संदिग्ध लेन-देन की जांच जारी
अविनाश शुक्ला के वित्तीय रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को पता चला है कि उसने सिर्फ अपनी महिला दोस्त पर ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों के खातों में भी ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए थे।
- भारत
- 2 min read
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में दान की चोरी के मामले में कई और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन को लेकर बड़ी जानकारियां सामने आई हैं। जांच में पता चला है कि अविनाश ने हाल के दिनों में 15 लाख रुपये से ज्यादा का संदिग्ध लेन-देन किया है। अब पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या यह पैसा राम मंदिर के दान से चुराया गया था?
महिला दोस्त को दिए पैसे और गिफ्ट्स
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में एक दिलचस्प और संदिग्ध एंगल सामने आया है। आरोपी अविनाश शुक्ला ने अपनी एक करीबी महिला दोस्त को करीब 2 लाख रुपये नकद (कैश) दिए थे और साथ ही एक बेहद महंगा स्मार्टफोन भी गिफ्ट किया था। पुलिस अब उस महिला दोस्त से भी इस रकम के स्रोत को लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है, जिससे साफ हो सके कि यह पैसा सीधे दान पेटी या मंदिर के फंड से तो नहीं आया था।
अविनाश शुक्ला के वित्तीय रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को पता चला है कि उसने सिर्फ अपनी महिला दोस्त पर ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों के खातों में भी ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा, कई लोगों को भारी मात्रा में कैश भी दिया गया था। पुलिस अब उन सभी बैंक खातों और व्यक्तियों की सूची तैयार कर रही है, जिन्हें अविनाश ने पैसे भेजे थे।
भाई ने पूछा सवाल तो टाल दी बात
अविनाश के भाई अभिषेक ने उससे इतनी बड़ी रकम और कैश के बारे में सवाल भी पूछा था। अविनाश ने इस पर कोई साफ जवाब नहीं दिया और बात को टाल गया।
इसके बाद जब अभिषेक ने इस मामले में दूसरे आरोपी अनुकल्प से पूछताछ की, तो उसने एक चौंकाने वाला बहाना बनाया। अनुकल्प ने कहा कि मंदिर में आने वाले जजमान (श्रद्धालु) खुश होकर हमें मोटी दक्षिणा दे देते हैं। इसके अलावा, जो लोग VIP दर्शन या आसानी से दर्शन करने में मदद मांगते हैं, वे भी बदले में अच्छा-खासा पैसा दे जाते हैं।
अयोध्या पुलिस अब अनुकल्प और अविनाश के इन दावों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 5 July 2026 at 13:33 IST