बिहार में सुबह-सुबह एनकाउंटर, रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर हत्याकांड के शूटर को पुलिस ने मारी गोली; ऐसे पकड़ा गया पवन यादव
बिहार के भोजपुर में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के आरोपी का शुक्रवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड के पास हुई इस भोजपुर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी शूटर गंभीर रूप से घायल हो गया है
- भारत
- 3 min read
बिहार के भोजपुर में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के आरोपी का शुक्रवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड के पास हुई इस भोजपुर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी शूटर गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में गोली सीधे शूटर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है, जिसके तुरंत बाद आरोपी शूटर गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। घायल शूटर की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग निवासी निर्मल यादव के 22 वर्षीय पुत्र पवन यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामकुमार सिंह हत्याकांड का शूटर पवन यादव पटना भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करके उसको दबोच लिया।
15 अक्टूबर को गोलियों से भूनकर हुई थी पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या
इधर,पुलिस ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब छह बजे आरा के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकपुरी मोहल्ले में जैन कालेज के पूर्वी गेट के पास पूर्व कस्टम अधिकारी सह क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद नवादा थाना में 12 नामजद समेत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआइटी का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ सदर-वन कर रहे थे। एसआइटी में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस मृतक के स्वजन की ओर से दिए गए आवेदन और उसमें लगाए गए आरोपों के साथ-साथ हत्या के संभावित कारणों के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी।
14 कट्ठा जमीन का विवाद
इस मामले में मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए इस हत्याकांड के पीछे मुफस्सिल थाना प्रभारी और सीओ की मिलीभगत होने की बात कही थी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बताया था कि 14 कट्ठा की एक कीमती जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते उनके पति की हत्या कराई गई है। इसके साथ ही पत्नी ने यह भी खुलासा किया था कि इस वारदात से पहले भी उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिली थीं।
हत्या के लिए सात लाख रुपये की दी गई थी सुपारी , पिंटू ने खोला था राज
पुलिस ने बताया कि इससे पहले हत्याकांड में शामिल शूटर पिंटू कुमार को गिरफ्तार किया गया था। वह कांड के मुख्य आरोपित चंदन सिंह का दोस्त है। उसकी निशानदेही पर गिरफ्तारी की गई थी। पिंटू का आपराधिक इतिहास रहा है। वह बिहिया थाना के झौंवा गांव का निवासी है । वह पूर्व से अलग-अलग दो हत्या, हत्या के प्रयास और शराब समेत करीब दस संगीन मामलों का आरोपित है। गिरफ्तार पिंटू ने सात लाख रुपए पर सौदा होने की बात बताई थी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 6 November 2026 at 08:58 IST