राजनाथ ने BJP को कहा शक्तिशाली रॉकेट, कहा- झामुमो नीत गठबंधन है फुस्स पटाखा

झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को दीपावली के ‘‘फुस्स पटाखे’’ करार देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा एक शक्तिशाली रॉकेट है जो झारखंड को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

Follow :  
×

Share


Defense Minister Rajnath Singh | Image: X- @rajnathsingh

झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को दीपावली के ‘‘फुस्स पटाखे’’ करार देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भाजपा एक शक्तिशाली रॉकेट है जो झारखंड को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगी। सिंह ने रांची के हटिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक रहे मंडल मुर्मू के झामुमो के ‘‘डूबते जहाज’’ को छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में कौन सरकार बनाएगा।

उन्होंने कहा…

उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली का त्योहार अभी-अभी संपन्न हुआ है। झामुमो, कांग्रेस और राजद अब दीपावली के फुस्स पटाखे हैं। भाजपा एक शक्तिशाली रॉकेट है जो अकेले ही झारखंड को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगी।’’ राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए सिंह ने कहा कि ‘जेएमएम’ (झामुमो) का मतलब ‘‘जमकर मलाई मारो’’ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ‘‘आदिवासियों का खून चूसता है’’ और उनके हितों के खिलाफ काम करता है। सिंह ने कहा, ‘‘मैं हेमंत सोरेन से पूछता हूं कि घुसपैठिए झारखंड में क्यों आ रहे हैं? राज्य की आदिवासी आबादी घटकर 28 फीसदी क्यों रह गई?’’

उन्होंने लोगों से वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील करते हुए कहा, ‘‘भाजपा को दो कार्यकाल दीजिए, झारखंड विकसित राज्यों की कतार में होगा।’’ सिंह ने कहा, ‘‘हम झारखंड में न सिर्फ सरकार बदलेंगे बल्कि व्यवस्था भी बदलेंगे।’’

उन्होंने दावा किया कि 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर होगी। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

ये भी पढ़ें - 'आंध्र में जुटेंगे 5 लाख मुसलमान', बयान पर गिरिराज का पलटवार

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Garima Garg

पब्लिश्ड 5 November 2024 at 16:09 IST