अपडेटेड 31 May 2024 at 14:03 IST

उफ! राजस्थान में 50 डिग्री की भयावह गर्मी न झेल सकी 'लक्ष्मी', गश खाकर गिरी हथिनी, दीवार भी धड़ाम...

गर्मी कहर बरपा रही है। हीट वेव ने इंसान ही नहीं जानवरों को भी परेशान कर दिया है। जयपुर में हथनी लक्ष्मी बेहोश होकर गिर गई।

Follow :  
×

Share


Rajasthan Weather Update:  पूरा उत्तर भारत गर्मी की जबरदस्त चपेट में है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 50 का पारा भी पार कर जा रहा है। धोरों की धरती राजस्थान भी गर्म लू के थपेड़ों से परेशान है। 30 मई को राजधानी जयपुर का तापमान 45.3 रिकॉर्ड किया गया।

चिलचिलाती धूप और गर्म हवा का कहर हथिनी लक्ष्मी पर भी टूटा और वो बेहोश हो गई। मामला आमेर की ठाठर कॉलोनी का है। हथिनी जिस दीवार पर गिरी वो भी ढह गई। बेहोश लक्ष्मी का वीडियो वायरल हो रहा है।

क्या दिखा वीडियो में?

वीडियो में जमीन पर बेसुध हथिनी दिख रही है और उसे उठाने की जुगत करता महावत औरअन्य दो शख्स दिख रहे हैं। इनमें से एक पशु चिकित्सक भी है। इनके ठीक पीछे ही एक दीवार है जो आधी ढही दिख रही है। बताया जा रहा है कि हथिनी को 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खड़ा किया गया। इसके लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। (ये वायरल वीडियो है जिसकी रिपब्लिक मीडिया पुष्टि नहीं करता है।)

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

जयपुर स्थित मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर में 1 और 2 जून को आंधी-बारिश हो सकती है। 3 से 5 जून तक जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका जताई गई है। इस दौरान दिन में सतही स्तर पर हल्की गर्म हवा चलेगी।

जयपुर में गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का सबसे गर्म जिला गंगानगर रहा। यहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूरे राजस्थान में गर्मी के चलते 23 से 31 मई के बीच 64 लोगों की मौत हो चुकी है। 16 दिन से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है।

चढ़ते पारे से देश बेहाल

दिल्ली की बात करें तो सबसे गर्म आयानगर रहा यहां 47.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। उत्तरप्रदेश में वाराणसी सबसे ज्यादा तपा। यहां पारा 47.8 डिग्री सेल्सियस , मध्यप्रदेश के सीधी में 48.2 वहीं बिहार का  गया सबसे ज्यादा गर्म जिला रहा। यहां टेम्परेचर 45.2 रिकॉर्ड हुआ। 

ये भी पढ़ें-  बिहार के सभी स्कूल 30 मई से एक हफ्ते के लिए बंद, गर्मी से कई स्टूडेंट आज हुए थे बेहोश

Published By : Kiran Rai

पब्लिश्ड 31 May 2024 at 14:03 IST