Rajasthan: श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस NIA को ट्रांसफर, पाकिस्तान से RDX भेजे जाने का शक; आतंकी साजिश की होगी जांच
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में आतंकी साजिश का मामले सामने आने के बाद केस NIA को ट्रांसफर कर दिया गया। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
- भारत
- 2 min read
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की घटना की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी। आतंकी साजिश का मामले सामने आने के बाद केस NIA को ट्रांसफर कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में आतंकवादी एंगल सामने आए है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान से RDX भेजा गया था।
दरअसल, तीन नवंबर को श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर इलाके में 50 जीबी गांव के पास रेल पटरी पर विस्फोट हुआ था। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहले पंजाब के गुरदासपुर से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने दोनों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।
जांच में आतंकी कनेक्शन आया सामने
इसके बाद तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे गुरदासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर राजस्थान लाया गया है। वह वहां 15-20 दिन पहले हुई एक गोलीबारी की घटना में पहले से ही जेल में बंद था। आरोपी से पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि इसने रेल पटरी की लोकेशन पाकिस्तान में बैठे ‘शाह’ नाम के आतंकी हैंडलर के साथ साझा की थी।
पाकिस्तान से आया था RDX
दो आरोपियों से पूछताछ और दो अन्य बमों की बरामदगी के बाद जांच में आतंकवादी साजिश के संकेत मिले हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पाकिस्तान से भारत में RDX की खेप भेजी गई थी। बरामद दोनों बमों की प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में भी RDX होने के सबूत मिले हैं।
NIA जांच में होगा बड़ा खुलासा
इन तथ्यों के सामने आने के बाद मामले की जांच को और व्यापक करते हुए NIA को शामिल किया गया है। पुलिस आरोपियों के बीच कथित संबंधों और पाकिस्तान स्थित हैंडलर की भूमिका की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को जोरदार विस्फोट हुआ था। यह घटना अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन के गुजरने के तुरंत बाद हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट से ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया था। खैरियत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि विस्फोट ट्रेन के गुजरने के बाद हुआ।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 25 November 2026 at 08:39 IST