राजस्थान: पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ का उदयपुर में अंतिम संस्कार
Rajasthan: पूर्व सांसद और मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ का सोमवार शाम उदयपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
- भारत
- 1 min read
Rajasthan: पूर्व सांसद और मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ का सोमवार शाम उदयपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मेवाड़ (83) का रविवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। मेवाड़ के बेटे व विधायक विश्वराज सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी।
उदयपुर में मेवाड़ के निवास समोर बाग पैलेस से अंतिम यात्रा शुरू हुई, जो आयड़ स्थित महासतिया पहुंची जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
शवयात्रा जगदीश चौक, घंटाघर और बड़ा बाजार आदि स्थानों से होते हुए श्मशान घाट पहुंची। बड़ा बाजार समेत उदयपुर शहर के कई बाजारों में व्यापारियों ने शोक स्वरूप अपनी दुकानें बंद रखीं।
इससे पहले महेंद्र सिंह मेवाड़ का पार्थिव शरीर उदयपुर स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां समेत कई अन्य लोगों ने महेंद्र सिंह मेवाड़ को पुष्पांजलि अर्पित की। महेंद्र सिंह मेवाड़ की पुत्रवधू और विश्वराज सिंह की पत्नी महिमा कुमारी राजसमंद से भाजपा सांसद हैं।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 11 November 2024 at 22:10 IST