Rain Alert: दिल्ली-NCR में लगातार 6 दिन बारिश का अनुमान, यूपी-उत्तराखंड की ओर पहुंचा मॉनसून; जानें IMD का अलर्ट
Rain Alert: IMD के अनुसार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में लगातार छह दिनों तक बारिश हो सकती है। उत्तर भारत की ओर मॉनसून बढ़ रहा है।
- भारत
- 2 min read
Rain Alert: उत्तर भारत के लोगों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में छिटपुट बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। सबसे अच्छी बात यह है कि मॉनसून बहुत तेजी से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की तरफ आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे, ठंडी हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। आइए जानते हैं कि आपके राज्य में मौसम का क्या हाल रहने वाला है?
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान का हाल
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 25 जून से 1 जुलाई के बीच हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 26 जून को आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी है। वहीं, पूर्वी राजस्थान में 27 जून से 1 जुलाई के बीच 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, राजस्थान में मॉनसून पहुंचने में अभी थोड़ा समय लगेगा।
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा?
मॉनसून अब मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड को पार करते हुए उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। यहां 25-26 जून और फिर 29 जून से 1 जुलाई के बीच बारिश का अलर्ट है। विशेषकर 30 जून और 1 जुलाई को अच्छी बारिश हो सकती है। पूर्वांचल में 25 से 29 जून तक कुछ जगहों पर बरसात होगी, जबकि 29 जून से 1 जुलाई के बीच तेज बारिश का अनुमान है।बारिश के इस अनुमान के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में अभी भी लू का असर देखने को मिल सकता है।
उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर का अलर्ट
जून के आखिरी हफ्ते में पहाड़ों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो सावधान रहें। यहां 29 जून से 1 जुलाई के बीच भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 25 जून से 1 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। हिमाचल में 30 जून और 1 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर और अन्य राज्य का कैसा रहेगा हाल?
सिक्किम, पश्चिम बंगाल और मेघालय जैसे राज्यों में इस हफ्ते मॉनसून के कारण भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। विशेषकर 27 से 29 जून के बीच यहां रेड अलर्ट जैसी स्थिति रह सकती है। इसके अलावा इंदौर, मांडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी जैसे शहरों में भी बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 26 June 2026 at 07:23 IST