राहुल गांधी हिरासत में लिए गए, आकाशवाणी भवन के बाहर भारी हंगामा; क्या बोलीं प्रियंका गांधी?

दिल्ली पुलिस ने करीब 9 घंटे तक धरने के बाद मंगलवार की शाम कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया।

 
Follow :
Rahul Gandhi Among INDI Bloc Leaders Detained in CEC Protest | Image: ANI

Rahul Gandhi Detained: राजधानी दिल्ली में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका गांधी समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। करीब 9 घंटे तक धरने पर बैठे रहने के बाद पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया।

दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन से जिन नेताओं को हिरासत में लिया है, उनमें कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग समेत अन्य शामिल हैं।

October 6, 2026

ज्ञानेश कुमार को जाना होगा- प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई है। उन्होंने एक मीडिया से बातचीत में कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना होगा। साथ ही कहा कि विपक्ष की मांग है कि वे चुनाव आयुक्त से मुलाकात करना चाहते हैं। विपक्ष चुनाव प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों से जुड़े अपने सवाल पूछना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें मौजूदा सरकार से किसी भी तरह की उम्मीद नहीं है। 

दिल्ली पुलिस ने की कार्रवाई

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, राहुल गांधी ने आकाशवाणी परिसर से बाहर जाने से इनकार करते हुए कहा कि जब तक सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को निर्वाचन आयोग से मिलने के लिए समय नहीं दिया जाता, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को बिगड़ने से रोकने लिए प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की गई। 

आयोग को बैठक के लिए नहीं मिला अनुरोध

उधर, चुनाव आयोग का कहना है कि आज मीडिया रिपोर्टों से चुनाव आयोग को पता चला कि कुछ राजनीतिक दल खासकर, कुछ सांसद (MP) और उनके प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलना चाहते हैं। आयोग यह साफ करना चाहता है कि आज शाम 4:00 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रतिनिधियों के जरिए चुनाव आयोग से मिलने का औपचारिक अनुरोध नहीं किया था। इसके बाद शाम करीब 4:00 बजे दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल एक ज्ञापन सौंपने के लिए आयोग से मिलना चाहता है।

October 6, 2026

यूथ कांग्रेस के नेता भी हिरासत में लिए गए

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के बाहर IYC अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत यूथ कांग्रेस और NSUI के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। 'इंडी' गठबंधन की कई पार्टियों के नेताओं को निर्वाचन सदन तक मार्च करने से रोके जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने आकाशवाणी भवन में धरना-प्रदर्शन किया।

निर्वाचन सदन तक मार्च के दौरान 'इंडी' गठबंधन के नेताओं को रोके जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने आकाशवाणी भवन के बाहर धरना दिया। यह विरोध प्रदर्शन विपक्ष के 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत SIR  प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद के बीच विपक्षी नेताओं ने ECI के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप है कि SIR प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हो सकते हैं और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 'बैलेट पेपर, मतलब बूथ कैप्चरिंग करके वो चुनाव जीतना चाहते हैं, मैं राहुल गांधी के आचरण की भर्त्सना...', विपक्ष के विरोध मार्च पर भड़की BJP



 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 6 October 2026 at 20:57 IST