अपडेटेड 4 February 2026 at 12:39 IST

'देखो, एक गद्दार...', राहुल गांधी ने की टिप्पणी, तो केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने दिया ये जवाब, संसद के गेट पर तीखी बहस

Rahul Gandhi vs Ravneet Singh Bittu: केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू मकर द्वार पर प्रोटेस्ट कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुजरे रहे थे। इस दौरान राहुल ने उन पर टिप्पणी करते हुए उन्हें 'गद्दार' कहा। वहीं, मंत्री ने जवाब देते हुए राहुल को 'देश का दुश्मन' कहा।

Follow :  
×

Share


Rahul Gandhi vs Ravneet Singh Bittu | Image: X- ANI

Budget Session 2026: संसद के बजट सत्र के दौरान आज (4 फरवरी) को एक अलग नजारा देखने को मिला। जब संसद के गेट पर प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच विवाद हो गया है। राहुल ने उन्हें 'गद्दार दोस्त' कहा, तो मंत्री की ओर से भी कांग्रेस नेता को जवाब दिया।

राहुल ने की टिप्पणी, तो मंत्री ने दिया जवाब

हुआ कुछ यूं कि संसद के बाहर निलंबित विपक्षी सांसद हाथों में पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल थे। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू जैसे ही मकर द्वार पर प्रोटेस्ट कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुजरे, तब राहुल गांधी ने उन पर टिप्पणी की।

राहुल ने उन्हें देखकर कहा, "देखो, एक गद्दार यहीं से गुजर रहा है। उसका चेहरा देखो...।" इसके बाद राहुल ने मंत्री से हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा, "हेलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस (कांग्रेस में) आओगे।"

राहुल को कहा ‘देश का दुश्मन’

रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को जवाब देते हुए "देश का दुश्मन" कहा। उन्होंने कहा कि उनका "देश के दुश्मनों" से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद मंत्री ने राहुल से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और वो आगे बढ़ गए।  

दरअसल, मंगलवार (3 फरवरी) को लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला। स्पीकर की सीट पर पेपर फाड़कर उछालने के के आरोप में 8 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। इसमें सात कांग्रेस और एक सीपीएम के सांसद शामिल हैं। निलंबित सांसदों में कांग्रेस के हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिकम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, प्रशांत यदाओराव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी, डीन कुरियाकोस और सीपीआई (M) सांसद एस वेंकटेशन शामिल हैं।

कौन हैं रवनीत सिंह बिट्टू?

रवनीत सिंह बिट्टू तीन बार कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं। वो पहली बार 2009 में आनंदपुर साहिब से लोकसभा के लिए चुने गए थे। साल 2014 और 2019 में बिट्टू ने लुधियाना से जीत दर्ज की थी। वहीं, साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले वह कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे। चुनाव में उन्हें लुधियाना से पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग से हार का सामना करना पड़ा। चुनाव हारने के बावजूद केंद्र सरकार में उन्हें मंत्री बनाया। बिट्टू को रेल तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री की जिम्मेदारी मिली। 

यह भी पढ़ें: काला कोट पहन सुप्रीम कोर्ट पहुंची CM ममता बनर्जी, खुद रख सकती हैं अपनी दलीलें, SIR पर होगी सुनवाई

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 4 February 2026 at 12:26 IST