संसद मार्ग थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा, पैलेट गन पर FIR की मांग को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका धरने पर बैठीं; RFA की टीम भी मौजूद
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के DCP ऑफिस में मौजूद हैं। उनके साथ साहिल लोचव भी हैं, जो पिछले महीने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हो गए थे।
- भारत
- 3 min read
देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को एक फिर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अचानक दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान पैलेट गन से घायल साहिल लोचव भी थे। राहुल पैलेट गन चलाने में कथित तौर पर शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंच थे। मगर पुलिस ने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया तो राहुल थाने के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
राहुल गांधी के करीबी सूत्रों का कहना है कि पुलिस साहिल की FIR दर्ज नहीं कर रही थी। इसके बाद राहुल गांधी, साहिल और उनके परिजनों के साथ थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही वहां कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी पहुंच गए। कांग्रेस सूत्रों ने कहा - "14 तारीख को साहिल लोचव (जो जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हो गए थे) अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस के पास गए और लिखित शिकायत दी। उन्होंने I/O नंबर देने से इनकार कर दिया।
राहुल गांधी FIR दर्ज की मांग पर अड़े
17 तारीख को ईमेल और फोन के जरिए फिर से कोशिश की गई। फिर भी कोई I/O नंबर नहीं दिया गया। कोई स्वीकृति भी नहीं दी गई। अब, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पीड़ित के साथ मिलकर इस बात पर जोर दे रहे हैं। DCP फिर भी केस ऑफिसर और I/O नंबर नहीं दे रहे हैं। चूंकि यह एक संज्ञेय अपराध है, इसलिए FIR भी दर्ज होनी चाहिए, लेकिन दिल्ली पुलिस ऐसा नहीं कर रही है। राहुल गांधी I/O और FIR के लिए जोर दे रहे हैं।"
40 से 45 मिनट तक डीसीपी से राहुल गांधी ने की बात
राहुल गांधी पहले थाने के अंदर गए और डीसीपी से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब 40 से 45 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान साहिल ने पुलिस को बताया कि उन्हें पैलेट गन कैसे लगी थी। पुलिस ने शिकायत लेने और मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने की बात कही। हालांकि, पैलेट गन से घायल व्यक्ति के मामले में एफआईआर दर्ज करने से इनकार किए जाने के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
राहुल का साथ देने प्रियंका भी पहुंचीं थाने
थोड़ी देर बाद प्रियंका गांधी भी संसद मार्ग थाने पहुंचीं और राहुल के साथ धरने में शामिल हो गईं। धीरे-धीरे यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी बढ़ाया जा रहा है। इस समय राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता धरने पर बैठे हुए हैं।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया, "नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा लगातार राहुल गांधी के संपर्क में हैं। शिकायत पीड़िता ने दर्ज कराई है। 20 जुलाई को दर्ज किए गए सभी मामलों की जांच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच पहले ही कर रही है। शिकायतकर्ता से कहा गया है कि उनकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी।"
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 21 August 2026 at 14:07 IST