PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने जिस व्यक्ति को मारा थप्पड़, उस पर पहले भी मारपीट मामले में FIR दर्ज, BJP ने बताया 'AAP का गुंडा'
रविवार को दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। आरोप लगाने वाले व्यक्ति की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है। अब बीजेपी ने पलटवार करते हुए उस व्यक्ति को 'AAP का गुंडा' बताया है।
- भारत
- 4 min read
रविवार (27 सितंबर ) को आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर सड़क के निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया, जिसके बाद मंत्री ने दावा किया कि विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के साथ बदसलूकी की और उन्हें गालियां दीं। आरोप लगाने वाले व्यक्ति की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता तजिंदर बग्गा ने बताया कि जिस आदमी ने आज कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश वर्मा के परिवार के साथ गाली-गलौज की उसे तिलक नगर पुलिस द्वारा पहले भी एक दूसरे मामले में गिरफ्तार किया था, क्योंकि उस पर एमसीडी कर्मचारी से मारपीट का मुकदमा पहले से दर्ज है।
प्रवेश वर्मा ने जिस व्यक्ति को मारा थप्पड़ वह 'AAP का गुंडा'
तजिंदर बग्गा ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा "साहिब सिंह, जिस व्यक्ति ने आज कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश वर्मा के परिवार के साथ बदसलूकी की, वह एक आदतन अपराधी और क्रिमिनल है। उसे पहले भी दिल्ली पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था।" वहीं, बताया जा रहा है कि साहिब सिंह AAP नेता जरनैल सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट भी संभालता है और एमसीडी कर्मचारी से मारपीट का मुकदमा पहले से दर्ज है।
साहिब सिंह के खिलाफ तिलक नगर में FIR दर्ज
तजिंदर बग्गा ने एक्स पर FIR की कॉपी शेयर की है। यह FIR इसी साल 2 जून को दिल्ली के तिलक नगर थाने में साहिब सिंह और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई थी। आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 215/26, तारीख 2 जून 2026, तिलक नगर पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 115, 126(2) और 3(5) के तहत दर्ज की गई थी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, AAP का आरोप है कि PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने तिलक नगर में सड़क के निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मारा। इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए प्रवेश वर्मा को घेरने की कोशिश की। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा 'मंत्री को गिरफ्तार करो।'
थप्पड़ मामले में प्रवेश वर्मा ने क्या कहा?
वहीं, इस पूरे मामले पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा 'जब उनके एक वर्कर ने मेरे परिवार को गालियां देना शुरू किया, तो ऐसी सिचुएशन में कोई भी आकर ऐसा करता है, मैंने भी वही किया। मैं आम आदमी पार्टी को बताना चाहता हूं कि आप यह काम नहीं कर पाए, और आज हमारी सरकार यह कर रही है, इसलिए आपके पेट में दर्द हो रहा है। लेकिन अगर कोई मेरे परिवार को कुछ कहता है, या अगर कोई हमारे काम में रुकावट डालने की कोशिश करता है, हमारी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाता है, या हमारे अधिकारियों से कमीशन मांगता है—जो आम आदमी पार्टी के MLA ने किया—तो यह कुछ ऐसा है जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 27 September 2026 at 23:21 IST