अपडेटेड 1 March 2026 at 10:24 IST

PV Sindhu: पास आकर गिरा मिसाइल का मलबा...दुबई में 'मौत' के साये से बाल-बाल बचीं पीवी सिंधू, शेयर किया रौंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती

PV Sindhu: दुबई में हुए एक भयावह हादसे में भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू बाल-बाल बच गईं। यह घटना उनके लिए किसी डरावने सपने से कम नहीं थी। सिंधू ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि हादसा कितना भयानक था कि मलबा सीधे उनके कोच के पास आकर गिरा।

Follow :  
×

Share


us Israel strike on iran | Image: Instagram

PV Sindhu: मिडिल ईस्ट में चल रहे भीषण युद्ध और तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी और ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधू इस समय दुबई में फंसी हुई हैं। स्थिति तब और भयावह हो गई जब सिंधू दुबई एयरपोर्ट पर हुई एक स्ट्राइक से बाल-बाल बचीं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आपबीती साझा की है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।

सिंधू ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी साझा की 

पीवी सिंधू ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टोरी साझा की, जिसमें उन्होंने उस डरावने पल का जिक्र किया। सिंधू ने बताया कि वे एयरपोर्ट के जिस हिस्से में छिपी हुई थीं, उसके बेहद करीब एक जोरदार धमाका हुआ। यह हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

सिंधू ने अपनी आपबीती में लिखा, ‘यहां दुबई एयरपोर्ट पर स्थितियां बहुत खराब हैं। हम जहां छिपे थे, उसके ठीक पास एक धमाका हुआ। मेरे कोच को तुरंत अपनी जान बचाकर भागना पड़ा, क्योंकि वे मलबे और धुएं के सबसे करीब थे।’

ये भी पढ़ें - Iran New Supreme Leader: खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई बने ईरान के नए सुप्रीम लीडर, पर्दे के पीछे से काम करने में है माहिर, जानिए प्रोफाइल

बाल-बाल बचे कोच और स्टाफ

इस हमले में सबसे ज्यादा खतरा सिंधू के कोच को था। सिंधू ने बताया कि हमले के तुरंत बाद मलबे और धुएं का गुबार छा गया। उनके कोच उस जगह के काफी करीब थे, इसलिए उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत वहां से हटना पड़ा। यह पहली बार है जब किसी बड़े भारतीय एथलीट ने युद्धग्रस्त क्षेत्र में इस तरह के हमले का सीधा अनुभव साझा किया है। सिंधू के इस पोस्ट के बाद उनके फैंस और पूरा देश उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गया है।

एयरपोर्ट पर भारी तबाही के दृश्य

सोशल मीडिया पर सिर्फ सिंधू का पोस्ट ही नहीं, बल्कि दुबई एयरपोर्ट के अंदर के कई वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में धमाके के बाद एयरपोर्ट को हुए नुकसान को साफ तौर पर देखा जा सकता है। वीडियो में टूटे हुए शीशे, बिखरा हुआ मलबा और चारों तरफ धुआं नजर आ रहा है। लोग दहशत में इधर-उधर भागते हुए दिख रहे हैं।
गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे मौजूदा संघर्ष के कारण हवाई यातायात पर भारी असर पड़ा है। कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं या उनके मार्ग बदल दिए हैं।

फैंस कर रहे हैं सुरक्षा की दुआ

पीवी सिंधू की इस पोस्ट के बाद, उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनकी और उनके स्टाफ की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं। भारत सरकार और दूतावास से भी इस मामले में संज्ञान लेने की उम्मीद की जा रही है ताकि वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा सके।

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 1 March 2026 at 10:18 IST