अपडेटेड 5 April 2024 at 14:13 IST
मुख्तार अंसारी समेत पूर्वांचल के वो 3 बाहुबली... जिनके जनाजे में आंसू भी नहीं बहा पाईं फरार डॉन बेगम
अतीक अहमद, अशरफ और मुख्तार अंसारी का इन तीनों की पत्नी ने भी जरायम की दुनिया में खूब साथ दिया। तीनों की मौत के बाद अब उनकी बेगम भी फरार हैं।
Bahubali of Purvanchal : 'बुरे का अंत, बुरा होता है' आपने ये कहावत जरूर सुनी होगी। ये कहावत पिछले कुछ समय में यूपी के माफियाओं की जिंदगी में सच साबित हुई है। जीते जी जिन माफिया की पूरे प्रदेश में तूती बोलती थी। जेल में बैठकर जो अपराध का साम्राज्य चलाते थे और आम आदमी से लेकर बड़े अधिकारियों तक जिनके नाम का खौफ होता था। अपने आखिरी समय में वो बिल्कुल लाचार, बेबस और अकेले थे। वक्त ने ऐसा बदला लिया कि उनके जनाजे पर फरार बेगम दो आंसू बहाने भी नहीं पहुंची।
पूर्वांचल समेत पूरे उत्तर प्रदेश ने अतीक अहमद, खालिद अजीम उर्फ अशरफ और मुख्तार अंसारी का आतंक देखा है। इन तीनों की पत्नी ने भी जरायम की दुनिया में इनका पूरा साथ दिया। तीनों की मौत के बाद अब उनकी बेगम भी फरार हैं। अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शां अंसारी पर 50-50 हजार का इनाम घोषित है। खालिद अजीम उर्फ अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा पर 25 हजार की इनाम घोषित है। वैसे तो अब तीनों ही माफिया गुजरे जमाने की बात हो गई हैं, लेकिन तीनों की पत्नी फरार हैं।
शाइस्ता परवीन
अतीक अहमद की पत्नी लेडी डॉन शाइस्ता परवीन पर 50 हजार का इनाम घोषित है। शाइस्ता के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी है। पुलिस की कई टीमें कई राज्यों और शहरों की खाक छान चुकी है, मगर इस भागदौड़ के खेल में अभी तक जीत शाइस्ता परवीन की ही रही है। अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन भगोड़ा घोषित है। 24 फरवरी, 2023 को हुए उमेश पाल शूटआउट के बाद से ही लेडी डॉन फरार है।
शाइस्ता, उमेश पाल हत्याकांड में नामजद आरोपी है। अतीक अहमद के जनाजे में उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन शामिल नहीं हुई थी और अभी तक फरार है। 50 हजार की इनामी शाइस्ता परवीन पर 6 केस दर्ज हैं
आफ्शां अंसारी
मुख्तार अंसारी की कुछ दिन पहले ही दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई है। मुख्तार की पत्नी आफ्शां अंसारी भी शाइस्ता परवीन की तरह फरार है। उसके खिलाफ 50 हजार का इनाम घोषित किया हुआ है। आफ्शां अंसारी पर 13 मुकदमे दर्ज हैं। मुख्तार अंसारी के जनाजे में भी उसकी फरार पत्नी शामिल नहीं हुई थी। अपने शौहर की मय्यत पर फरार लेडी डॉन आफ्शां अंसारी आंसू बहाने भी नहीं आ सकी।
जैनब फातिमा
जैनब फातिमा, अतीक अहमद के छोटे भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की पत्नी है। पुलिस कमिश्नर प्रयागराज ने फरार जैनब फातिमा पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। जैनब फातिमा पर उमेश पाल हत्याकांड में साजिश रचने का आरोप है। शाइस्ता परवीन और आफ्शां अंसारी की तरह ही जैनब फातिमा अपने शौहर की मय्यत पर नहीं आई थी।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 4 April 2024 at 20:59 IST