पटियाला में धमाका, रेलवे ट्रैक पर मिला चिथड़े उड़े शव; पटरी को उड़ाने की थी प्लानिंग?
Patiala Railway Track Blast: पंजाब के पटियाला के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ है। यहां से पुलिस को क्षत-विक्षत शव मिला है।
Patiala Railway Track Blast: पंजाब के पटियाला में शंभू-राजपुरा रेलवे स्टेशननों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के रेलवे ट्रैक पर देर रात धमाका हुआ है। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि आवाज दूर तक सुनाई पड़ी। इस धमाके में एक व्यक्ति के मौत की भी खबर है।
जानकारी के मुताबिक, विस्फोट स्थल पर पुलिस को एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत मिला है। पुलिस को शक है कि मृतक बम लगाने की कोशिश कर रहा था और खुद उसी धमाके का शिकार बन गया।
ट्रैक पर टुकड़ों में मिला शव बरामद
सूचना मिलते ही मौके पर जीआरपी, आरपीएफ और पंजा पुलिस समेत अन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं। शव के चिथड़े बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से तार, दो मोटरसाइकिलें और एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन समेत अन्य चीजें बरामद की गई हैं।
मामले पर क्या बोले एसएसपी?
इस धमाके पर पटियाला के SSP वरुण शर्मा ने कहा कि कल देर रात पटियाला पुलिस को एक लो इंटेंसिटी ब्लास्ट की सूचना मिली थी। इस ब्लास्ट के शंभू बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर होने की जानकारी थी। मौके पर मैं, डीआईजी पटियाला रेंज समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। हमने देखा कि यह लो इंटेंसिटी ब्लास्ट नहीं, बल्कि डेटोनेशन का प्रयास था। इसी दौरान डेटोनेशन का प्रयास करने वाले शख्स की मौत हो गई। इस शख्स का शव भी बरामद हुआ है।
‘जल्द साजिश का पर्दाफाश करेंगे’
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। मौके से हमें कई सूबत मिले हैं, जिसमें सिमकार्ड भी है। GRP समेत अन्य जांच एजेंसियों के साथ मिलकर गहनता से जांच की जा रही है। जल्द इस साजिश का पर्दाफाश करेंगे।
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 28 April 2026 at 09:09 IST