अपडेटेड 12 July 2024 at 12:42 IST
Punjab News: खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह का भाई गिरफ्तार, ड्रग्स के साथ पंजाब पुलिस ने पकड़ा
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के भाई हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। खालिस्तान समर्थक और पंजाब की खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह खुद भी जेल में हैं।
Jalandhar News: पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के भाई हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। खालिस्तान समर्थक और पंजाब की खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह खुद अभी जेल में हैं। फिलहाल ड्रग्स के मामले में अमृतपाल सिंह के भाई को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ड्रग्स के साथ हरप्रीत सिंह को पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक, अमृतपाल सिंह के भाई हरप्रीत सिंह की गिरफ्तारी जालंधर के चीमा बाथ गांव के पास हुई, जब पुलिस वहां वाहनों की चेकिंग कर रही थी। बताया जाता है कि जिस कार में हरप्रीत सिंह सवार था, उसकी जांच के दौरान कथित तौर पर उसके पास से चार ग्राम आइस (सिंथेटिक ड्रग) ड्रग बरामद की गई। हरप्रीत के साथ दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान लवप्रीत और संदीप अरोड़ा के रूप में हुई है।
जालंधर पुलिस ने पुष्टि की
जालंधर के एसएसपी (ग्रामीण) अंकुर गुप्ता बताते हैं कि तीन लोगों (लवप्रीत, हरप्रीत और संदीप अरोड़ा) को कल रात गिरफ्तार किया गया। 4 ग्राम आइस (सिंथेटिक ड्रग) बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरप्रीत सिंह की उम्र 30-35 के बीच है और वो ट्रांसपोर्ट में कुछ डिस्पैचिंग का काम करता था।
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है अमृतपाल
अमृतपाल सिंह वर्तमान में एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) के तहत असम के डिब्रूगढ़ जिले की जेल में बंद हैं। 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख और मारे गए खालिस्तानी आतंकवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले के नाम पर खुद को पेश करने वाले अमृतपाल सिंह को उनके 9 साथियों के साथ एनएसए के तहत जेल में डाल दिया गया था। उन्हें मोगा के रोडे गांव से गिरफ्तार किया गया था, जब पिछले साल 23 फरवरी को वो और उनके समर्थक बैरिकेड तोड़कर, तलवारें और बंदूकें लहराते हुए अजनाला पुलिस स्टेशन में घुस गए थे। वो हिरासत से अपने एक सहयोगी को छुड़ाने की कोशिश में पुलिसकर्मियों से भिड़ गए थे।
हाल ही में उन्हें लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए 4 दिन की कस्टडी पैरोल पर दिल्ली लाया गया था। 2024 का लोकसभा चुनाव निर्दलीय के तौर पर लड़ने वाले अमृतपाल सिंह ने खडूर साहिब सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कुलबीर सिंह जीरा को हराकर जीत हासिल की।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 12 July 2024 at 12:29 IST