सड़क पर लाशें, बिखरा कलश और मातम... तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को कुचला, तीन की मौके पर मौत; गंगोत्री से गंगाजल लेकर लौट रहे थे फरीदकोट
पंजाब में रविवार तड़के सरहिंद जीटी रोड पर एक कार की टक्कर में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
- भारत
- 2 min read
पंजाब में रविवार तड़के सरहिंद जीटी रोड पर एक कार की टक्कर में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वे उत्तराखंड के गंगोत्री से पवित्र जल लेकर पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकापुरा लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौके से फरार हुए चालक की तलाश जारी है। रविवार रात करीब सवा दो बजे चार कांवड़िए सरहिंद जीटी रोड से पैदल गुजर रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन कांवड़ियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान महेंद्र पाल, दीपक और जगदीश मित्तल (सभी जिला फरीदकोट निवासी) के रूप में हुई है। हादसे में मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं. थाना सरहिंद के सहायक थानेदार तिलक राज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मृतकों में दो बिजली मैकेनिक शामिल
मृतक महिंदर पाल बिजली मैकेनिक था और उसके घर में पिता, पत्नी व एक 15 साल की बेटी है, जबकि मृतक जगदीश मित्तल अविवाहित था और बिजली मैकेनिक का कार्य करता है। वह परिवार में बिल्कुल अकेला था और उसके माता-पिता की भी मौत हो चुकी है।
2 कांवड़ संघों के साथ गए थे गंगोत्री
यह कांवड़िए कोटकपूरा से दो अलग-अलग कांवड़ संघों के साथ गंगोत्री से डाक कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए थे। 30 जुलाई को वे गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे और 10 अगस्त, सोमवार को कांवड़ लेकर कोटकपूरा वापस लौटना था। कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ तथा श्री रामबाग मंदिर से न्यू शिव कांवड़ संघ के जत्थे गंगोत्री से डाक कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान वापसी के समय यह हादसा हो गया।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 9 August 2026 at 13:47 IST