सड़क हादसा या फिर लूट के बाद हमला... केतन को पहले अपाहिज बनाना चाहते थे सिया-चेतन; प्‍लान फेल तो रची हत्या की साजिश, पुणे मर्डर केस में नया खुलासा

पुलिस सूत्रों की मानें तो केतन से शादी टूट जाए इसलिए सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या नहीं बल्‍कि सुनियोजित हादसे के जरिए उसे हमेशा के लिए अपाहिज बनाने की साजिश रची थी।

 
Follow :
सड़क हादसा या फिर लूट के बाद हमला... केतन को पहले अपाहिज बनाना चाहते थे सिया-चेतन; प्‍लान फेल तो रची हत्या की साजिश, पुणे मर्डर केस में नया खुलासा | Image: X

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो केतन से शादी टूट जाए इसलिए सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या नहीं बल्‍कि सुनियोजित हादसे के जरिए उसे हमेशा के लिए अपाहिज बनाने की साजिश रची थी। सिया ये चाहती थी कि केतन के हाथ या पैर इस तरह अपाहिज हो जाएं कि वो बिस्‍तर पर आ जाए और उसके बाद 6 जून को प्रस्‍तावित बाली जाने का ट्रिप कैंसल हो जाए। इसक‍े बाद सिया आसानी से शादी के लिए इनकार कर दे और किसी को शक भी ना हो।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि सिया और चेतन ने केतन को अपाहिज बनाने के लिए सड़‍क हादसा या लूटपाट के दौरान जानलेवा हमले की प्‍लानिंग पर भी बात की थी। पुलिस सूत्रों ने यह भी कहा कि आरोपी किसी हथियार से सीधे हत्या नहीं करना चाहते थे. उनकी योजना ऐसी मौत की थी, जो पूरी तरह दुर्घटना लगे और पीछे कोई सबूत न बचे।

क्या स्लो प्‍वॉइजन का पता लगाया जा सकता है? सिया ने गूगल पर किया था सर्च

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया ने कथित तौर पर गूगल पर यह सर्च किया था कि क्या स्लो प्‍वाइजन देने के बाद इस बात का पता चल जाता है? इतना ही नहीं सिया और चेतन ने लोनावला के आसपास टाइगर पॉइंट, विसापुर किला समेत कई जगहों का जायजा लिया था जहां किसी हादसे का रूप देकर केतन को हमेशा के लिए अपाहिज बना दिया जाए। जब इन सब चीजों में दोनों को सफलता नहीं मिली तब उन्‍होंने लोहागढ़ किले को वारदात के लिए चुना था।

क्या था पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 18 जून 2026 को केतन अग्रवाल लोनावला के पास स्थित लोहागढ़ किले गए थे। आरोप है कि वहीं 350 से 400 फीट गहरी खाई में उन्हें धक्का दिया गया। इसी वजह से उनकी मौत हुई। जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड और दूसरे सबूत जुटाए। पुलिस का दावा है कि शुरुआत में इसे दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई थी। लेकिन बाद में मिले सबूतों से कथित साजिश का पता चला।

इसके बाद केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस डिजिटल और फोरेंसिक सबूतों की जांच कर रही है। मामले की जांच अभी जारी है। अदालत में सुनवाई के बाद ही इस केस में अंतिम फैसला होगा।

कौन थे केतन अग्रवाल?

26 साल के केतन अग्रवाल पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे। वह बेहद संपन्न परिवार से ताल्लुक रखते थे और अपने पारिवारिक रियल एस्टेट बिजनेस में डायरेक्टर थे। वह लोढ़ा बेलमंडो हाउसिंग सोसाइटी में रहते थे। केतन ने पुणे के सिम्बायोसिस स्किल्स एंड प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से बीबीए किया था।

इसके बाद साल 2022 में वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए थे, जहां 2023 में उन्‍होंने मैसाचुसेट्स से एंटरप्रेन्योरशिप स्टडीज में मास्टर ऑफ साइंस (MS) की डिग्री हासिल की थी। इस साल केतन और सिया की शादी होने वाली थी और परिवार एक आलीशान वेडिंग हॉल की तैयारियों में जुटा था।

इसे भी पढ़ें- WhatsApp ग्रुप पर मैसेज, 'मारो सर मारो' के नारे, जंतर-मंतर पर हरियाणा नंबर का पत्थरों से भरा ट्रक... CJP प्रदर्शन में हिंसा की साजिश किसने रची?
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 21 July 2026 at 18:21 IST