अपडेटेड 13 August 2024 at 09:09 IST
कोलकाता कांड पर प्रदर्शन तेज, देशभर में OPD सेवाएं रहेंगी बंद; आज भी हड़ताल पर डॉक्टर्स
कोलकाता कांड में देशभर में डॉक्टर्स विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बढ़ते आक्रोश के बीच 13 अगस्त को ओपीडी और वैकल्पिक सेवाओं को बंद करने का ऐलान किया गया है।
Kolkata Doctor Murder: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले में डॉक्टरों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में इंसाफ की मांग को लेकर देशभर में डॉक्टर्स विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अब 13 अगस्त यानी कि आज ओपीडी और वैकल्पिक सेवाओं को बंद करने का ऐलान किया गया है।
ऐसे में देशभर में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल आज भी जारी रहने वाली है। इस बीच FAIMA ने डॉक्टरों के समर्थन में एक्स पर पोस्ट किया है। पोस्ट में लिखा है- 'हम पूरे भारत में प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के साथ खड़े हैं! पूरे देश के डॉक्टरों से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वाहन करते हैं। हमें न्याय चाहिए!'
IMA ने जेपी नड्डा से की तत्काल कार्रवाई की मांग
वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने महिला डॉक्टर संग जघन्य कांड में तत्काल कार्रवाई की बात कही गई है। मामले में निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की गई है। इसके अलावा आईएमए की ओर से हॉस्पिटल में डॉक्टरों और विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए तत्काल कदम उठाने पर जोर दिया गया है। अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित करने, सरकारी अस्पतालों में पुलिस कैंप और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती समेत तमाम मांगे IMA द्वारा की गई हैं।
ममता सरकार के आगे रखी तीन मांगें
इसके अलावा IMA ने बंगाल की ममता सरकार से तीन मांगें की हैं, जिनमें निष्पक्ष गहन जांच और दोषियों को सजा, उन विस्तृत स्थितियों के जांच जिसके चलते अपराध हुआ और कार्यस्थल पर डॉक्टरों विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की बात शामिल है।
सेमीनार हॉल में मिला महिला डॉक्टर का शव
बता दें कि शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के सरकारी अस्पताल आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमीनार हॉल में ट्रेनी महिला डॉक्टर का शव अर्द्ध नग्न हालत में मिला था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले। पीड़िता की आंखों, मुंह और गुप्तांग से खून बह रहा था। चेहरे और नाखून पर भी चोट के निशान थे। उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाएं हाथ और होंठों पर भी चोट के निशान थे।
ममता बनर्जी बोलीं- अगर पुलिस नहीं सुलझा पाई तो…
वहीं इस मामले पर देशभर में उबाल के बीच पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि अगर पुलिस रविवार तक इस मामले को नहीं सुलझा पाई तो सीबीआई को सौंप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'मन में सेवा है या सिर्फ वर्दी की दादागीरी...', अधिकारियों पर भड़के मंत्री राज्यवर्धन राठौड़- VIDEO
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 13 August 2024 at 09:09 IST