राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत, कतर के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर संतोष व्यक्त किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खाड़ी देश में रहने वाले भारतीयों की अच्छी देखभाल करने के लिए कतर के अमीर और लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Follow :  
×

Share


राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत, कतर के संबंधों की मजबूती पर जताया संतोष व्यक्त किया. | Image: PTI

President Droupadi murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार रात राष्ट्रपति भवन में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद अल-सानी के लिए एक औपचारिक भोज आयोजित किया और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत पर संतोष जताया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर कतर के अमीर दो दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं। यह भारत की उनकी दूसरी राजकीय यात्रा है। इससे पहले वह मार्च 2015 में भारत आए थे। इस मौके पर राष्ट्रपति ने कहा कि कतर के साथ भारत के संबंध सदियों पुराने हैं।

राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रपति ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद अल-सानी का स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद अल-सानी का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने उनके सम्मान में एक भोज का भी आयोजन किया।’’

राष्ट्रपति मुर्मू ने कतर के अमीर के प्रति आभार व्यक्त किया

मुर्मू ने इस खाड़ी देश में रहने वाले भारतीयों की अच्छी देखभाल करने के लिए कतर के अमीर और लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय ने कतर को अपना दूसरा घर बना लिया है, और वे वहां के समाज में आसानी से घुलमिल गए हैं। मैं आपका और कतर के लोगों का आभारी हूं कि उन्होंने उनका इतना अच्छा ख्याल रखा।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के लोग सदियों से सांस्कृतिक आदान-प्रदान और परंपराओं के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सदियों पुराने संबंधों की झलक हमारे लोगों की पसंदीदा कला, संगीत और भोजन में देखी जा सकती है, चाहे वह बिरयानी हो या कड़क चाय। ​​मुझे उम्मीद है कि कतर के हमारे मेहमान आज रात के खाने में इस अनोखे सांस्कृतिक जुड़ाव का अनुभव कर पाएंगे।’’

14 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय कारोबार का हवाला

मुर्मू ने पिछले वर्ष लगभग 14 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय कारोबार का हवाला देते हुए कहा कि कतर के भारत में बढ़ते निवेश से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बहुत खुशी है कि कतर इंवेस्टमेंट अथॉरिटी और कतर के अन्य निवेशकों ने भारतीय बाजारों में बहुत रुचि और विश्वास दिखाया है, जिसके परिणामस्वरूप कतर से भारत में निवेश में भारी वृद्धि हुई है।’’

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री मोदी और कतर के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भोज में शामिल हुए। राष्ट्रपति भवन ने औपचारिक भोज की कुछ तस्वीरें भी साझा की।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी और कतर के अमीर शेख के बीच किन अहम मुद्दों पर हुई चर्चा? जानें

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 19 February 2025 at 09:28 IST