अपडेटेड 16 February 2025 at 00:00 IST
New Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर काबू में हालात, अश्विनी वैष्णव का दावा
New Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर क्या हुआ।
New Delhi Railway Station Stampede: नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे प्लेटफॉर्म संख्या 14 और 15 पर अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि तीन महिलाओं को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना रात करीब नौ बजकर 55 मिनट पर हुई, जिसके बाद आपात प्रतिक्रिया की आवश्यकता पड़ी। डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि अधिकारियों ने तुरंत बचाव दल भेजा और राहत प्रयासों में सहायता के लिए दमकल की चार गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। भगदड़ का सटीक कारण अब तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक खबरों से पता चला कि प्रयागराज में महाकुंभ के लिए ट्रेन सेवाओं के कारण भीड़भाड़ थी।
CRPO उत्तर रेलवे ने जानकारी दी है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कोई भगदड़ नहीं हुई है। यह केवल एक अफवाह है। उत्तर रेलवे प्रयागराज के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार भीड़ महाकुंभ में शामिल होने के लिए उमड़ी थी। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रिएक्शन
घटना को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रिएक्शन भी सामने आया है। उन्होंने लिखा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (एनडीएलएस) पर स्थिति नियंत्रण में है। दिल्ली पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंच गई है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। अचानक हुई भीड़ को निकालने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।”
इसे भी पढ़ें: New Delhi Railway Station पर मची भगदड़, महाकुंभ जा रहे यात्रियों की भीड़ से घुटन, कई यात्री बेहोश
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 15 February 2025 at 23:53 IST