महाकुंभ का फाइनल: महाशिवरात्रि पर उमड़ा जनसैलाब, अब तक सवा करोड़ ने लगाई पवित्र डुबकी, आंकड़ा 66 करोड़ पार
Prayagraj Mahakumbh: प्रयागराज के महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने वालों का आंकड़ा 66 करोड़ के पार हो गया है।
- भारत
- 2 min read
Prayagraj Mahakumbh: प्रयागराज महाकुंभ का आज आखिरी दिन है। 144 साल बाद आए इस महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक किया गया। संगम में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। महाकुंभ में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 66 करोड़ से पार हो चुका है। महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकुंभ में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है।
बता दें, आज महाकुंभ का अंतिम स्नान है। इस मौके पर ‘हर हर महादेव’ की गूंज के साथ आज का स्नान प्रारंभ हुआ। दोपहर दो बजे तक 1.18 करोड़ लोगों ने स्नान किया। वहीं मेला प्रशासन ने संगम में डुबकी लगा रहे श्रद्धालुओं पर 120 क्विंटल गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश की।
संगम में डुबकी लगाने का 66 करोड़ का आंकड़ा पार
अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आज दोपहर 2 बजे तक 1.18 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। महाकुंभ में अभी तक 65.95 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं और शाम तक यह आंकड़ा 66 करोड़ पार करने की संभावना है।
120 क्विटल गुलाब की पंखुड़ियों से स्नानार्थियों पर पुष्पवर्षा
पुष्प वर्षा के प्रभारी वी के सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं पर हर बार गुलाब की 20 क्विंटल पंखुड़ियों की वर्षा कराई गई और कुल 120 क्विंटल पंखुड़ियों की पुष्प वर्षा कराई गई है। उन्होंने बताया कि पहले दौर में सुबह आठ बजे पुष्प वर्षा कराई गई। सभी घाटों पर छह बार पुष्प वर्षा कराई गई।
अलग-अलग शिव मंदिरों में भक्तों ने किया जलाभिषेक
महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु गंगा और संगम में डुबकी लगाने के बाद शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में जाकर भगवान शंकर का जलाभिषेक कर रहे हैं। ब्रह्म मुहूर्त से ही शहर के सभी शिव मंदिरों में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इन मंदिरों में सरस्वती घाट के निकट सिद्ध पीठ मनकामेश्वर मंदिर, दारागंज स्थित ब्रह्मेश्वर महादेव शिवकुटी स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर और अरैल स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर शामिल हैं।
(इनपुट भाषा)
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 26 February 2025 at 17:18 IST