अपडेटेड 7 September 2024 at 14:41 IST

'विनेश और बजरंग किनके हाथों में खेल रहे थे अब...', उपमुख्यमंत्री अरुण साव का कांग्रेस पर तंज

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इन खिलाड़ियों की मानसिकता पर सवाल उठाया है।

Follow :  
×

Share


Deputy Chief Minister Arun Sao, Vinesh Phogat & Bajrang Punia | Image: ANI/PTI

पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए। दोनों की कांग्रेस के दामन थामने की चर्चा राजनीतिक गलियारे में पहले से ही थी। बीते दिनों दोनों खिलाड़ियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात भी की थी। विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास के बाद कांग्रेस के साथ अपनी नई पारी का आगाज तो कर दिया है मगर इस फैसले से इन पर आरोपों की  बौछार भी होने लगी है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अब खिलाड़ियों कि मानसिकता पर सवाल उठाया है।

पूर्व भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास के बाद कांग्रेस के साथ अपनी नई पारी का आगाज कर दिया है। शुक्रवार 6 सितंबर को महिला पहलवान ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। विनेश के साथ बजरंज पूनिया ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इस दौरान विनेश ने कहा था कि जैसे हमने कुश्ती में जी तोड़ मेहनत की है ठीक वैसे ही हम पार्टी में रहकर मेहनत करेंगे और पार्टी को आगे बढ़ाएंगे। विनेश और बजरंग पुनिया के खेल छोड़ राजनीति में आने पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा हमला बोला है।

विनेश और बजरंग कांग्रेस के हाथों में खेल रहे थे-अरुण साव

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, इससे पता चलता है कि विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया किनके हाथों में खेल रहे थे। ये कांग्रेस की गोदी में खेल रहे थे, ये स्पष्ट तौर पर दिख रहा है। भाजपा हमेशा से न्याय के पक्ष में खड़ी होती रही है। आज वे कांग्रेस की प्रत्याशी बनीं हैं, ये बताता है कि उनकी मानसिकता और सोच क्या है।

बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस पर बोला हमला

वहीं, भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने भी विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर सवाल उठाया है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, '18 जनवरी 2023 को जब जंतर-मंतर पर विरोध शुरू हुआ तो मैंने कहा था कि ये खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है, इसके पीछे कांग्रेस है। खासकर भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, प्रियंका और राहुल गांधी। ये कांग्रेस का आंदोलन था और आज ये बात साबित हो गई है कि इस पूरे आंदोलन में, हमारे खिलाफ जो साजिश हुई, उसमें कांग्रेस शामिल थी और उसका नेतृत्व भूपेंद्र हुड्डा कर रहे थे।'

 विनेश फोगाट को जुलाना से टिकट 

बता दें कि बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के पार्टी शामिल होने के बाद शुक्रवार रात कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। विनेश फोगाट को जुलाना से टिकट दिया गया है, हालांकि 31 उम्मीदवारों की इस लिस्ट में बजरंग का नाम नहीं है। मगर पार्टी में शामिल होने के पहले ही दिन कांग्रेस ने बजरंग पूनिया को बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी। कांग्रेस की ओर से बजरंग को ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का वर्किंग चेयरमैन बनाया गया है।  

यह भी पढ़ें: 'राजनीति के लिए बेटियों का इस्तेमाल, ये सम्मान की लड़ाई नहीं थी', विनेश फोगाट पर भड़के बृजभूषण

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 7 September 2024 at 14:41 IST