'पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी, कड़ी मेहनत करेंगे', केरल का CM चुने जाने पर सतीशन की आई पहली प्रतिक्रिया; जानिए क्या-क्या कहा
केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन होंगे, नाम फाइनल करने के बाद सतीशन ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, वो कड़ी मेहनत करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल केसी वेणुगोपाल का भी रिएक्शन सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें।
- भारत
- 2 min read
Kerala New Chief Minister VD Satheesan: कांग्रेस आलाकमान ने लंबे इंतजार के बाद फैसला सुनाते हुए वीडी सतीशन को बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। वीडी सतीशन अब केरल के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। यूडीएफ की बड़ी जीत के बाद 10 दिन की चर्चाओं के बाद पार्टी ने उनका नाम फाइनल किया। जिसके बाद सतीशन ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो कड़ी मेहनत करेंगे और पद की सेवा केरल की जनता को समर्पित करेंगे।
वीडी सतीशन ने कहा कि, 'मैं AICC के नेताओं का बहुत आभारी हूं। उन्होंने मुझे यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और मैं अपनी मुख्यमंत्री पद की सेवा केरल की जनता को समर्पित करता हूं।' उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी की हाई कमान की बात मानेंगे और कड़ी मेहनत करेंगे।
क्या बोले केसी वेणुगोपाल?
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहे केसी वेणुगोपाल ने भी फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि, 'मैं सतीशन को केरल का मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई देता हूं। मैं उन्हें और यूडीएफ सरकार को पूरा समर्थन दूंगा।' वेणुगोपाल ने आगे कहा कि वे सतीशन के साथ हैं और हर संभव सहयोग देंगे। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले वेणुगोपाल ने साफ किया कि उनका रुख हमेशा हाई कमान के साथ है।
वीडी सतीशन के राजनीतिक सफर के बारे में जानें
कोच्चि में जन्मे 62 साल के वीडी सतीशन पेशे से वकील हैं। 2001 में परावुर से विधायक बने। वे विधानसभा में तीखे और प्रभावशाली वक्ता के रूप में जाने जाते हैं। 2021 में यूडीएफ की हार के बाद उन्हें विपक्ष का नेता बनाया गया था। उन्होंने विपक्ष की बेंच से पिनाराई विजयन सरकार पर लगातार हमले किए।
इस बार केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 140 में से 102 सीटें जीतीं। यह लेफ्ट की 10 साल की सरकार का अंत था। सतीशन को गुटबाजी से दूर रहने और जमीनी काम के लिए पसंद किया जाता है। पार्टी अब नई पीढ़ी को आगे लाकर केरल की राजनीति में नया जोश भरना चाहती है।सतीशन के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। उन्हें मजबूत विपक्ष और जनता की उम्मीदों को पूरा करना होगा।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 14 May 2026 at 14:52 IST