'ममता बनर्जी के बाद अब अखिलेश यादव की बारी', सुवेंदु अधिकारी ने सपा प्रमुख पर किया तीखा प्रहार
सुवेंदु अधिकारी ने अखिलेश यादव पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पहले ही खत्म हो गए, ममता बनर्जी आज खत्म हो गईं। आने वाले यूपी चुनाव में अखिलेश यादव भी खत्म हो जाएंगे।'
Suvendu Adhikari on Akhilesh Yadav: कोलकाता के भवानीपुर से बड़ी जीत दर्ज करने के बाद सुवेंदु अधिकारी गदगद हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी जीत पर बात की। साथ ही समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आने वाले यूपी चुनाव में वह खत्म हो जाएंगे।
दरअसल, सुवेंदु अधिकारी ने इस बार दो सीट नंदीग्राम और ममता बनर्जी प्रतिष्ठित भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ा था। ऐसे में वह दोनों ही सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। भवानीपुर सीट पर उनके और ममता बनर्जी के बीच जबरदस्त मुकाबल रहा। लेकिन उन्होंने ममता बनर्जी को मात देते हुए बड़ी जीत हासिल की। सुवेंदु ने उन्हें 15 हजार वोटों के अंतर से हराया।
यूपी चुनाव में अखिलेश यादव खत्म- सुवेंदु
सुवेंदु अधिकारी ने अपनी जीत पर बात करते हुए अखिलेश यादव पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा, 'हारने के बाद बहुत बोलते हैं, हारने से पहले तो कुछ नहीं बोला। SIR के खिलाफ बोला। फाइनल वोटर लिस्ट निकली और उसी वोटर लिस्ट पर चुनाव लड़ा। कैंपेन किया और उस दौरान कहा कि हम लोग आ रहे हैं। फिर एग्जिट पोल आया तो बोले कि एग्जिट पोल झूठा है। काउंटिंग सेंटर गए, जब हारने लगे तो बोले कि ‘मीठा’ नहीं है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पहले ही खत्म हो गए, ममता बनर्जी आज खत्म हो गईं। आने वाले यूपी चुनाव में अखिलेश यादव भी खत्म हो जाएंगे।'
'हिंदुओं ने एकजुट होकर मुझे वोट दिया'
इस दौरान उन्होंने आगे कहा, 'पूरे हिंदुओं ने एकजुट होकर मुझे वोट दिया। चेतला इलाके में पूरे शरणार्थी भरे हुए हैं। वहीं सीपीएम के मतदाताओं ने भी मुझे वोट दिया। पिछले विधानसभा चुनाव में सीपीएम के 14 हजार वोट थे। ऐसे में कम से कम 10 हजार मतदाताओं ने सीपीएम को आजमाने के बाद अब मुझे मौका दिया है। पूरे हिंदू समाज ने मिलकर एक साथ वोटिंग की, इसलिए खिदिरपुर छोड़कर बाकी सभी जगहों पर मुझे जमकर वोट मिले।'
BJP ने कितनी सीटों पर जीत की दर्ज?
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक पश्चिम बंगाल की 293 सीटों में से बीजेपी ने 206 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि इस बार टीएमसी का आंकड़ा 100 से भी नीचे रहा है। पार्टी ने केवल 81 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई है। वहीं कांग्रेस के खाते में दो, हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) में दो सीटें आईं। वहीं, CPI (M) और AISF ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 5 May 2026 at 11:24 IST