अपडेटेड 20 February 2024 at 14:51 IST
Bihar: तेजस्वी यादव ने दिखाई नीतीश कुमार को ताकत; जन विश्वास यात्रा में बोले- हमारे साथ BAAP भी है
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और लालू यादव के बेटे Tejashwi Yadav ने मुजफ्फरपुर में एक बड़ी रैली की और दावा किया कि जन विश्वास यात्रा में जनसैलाब उमड़ा है।
Bihar News : बिहार में सत्ता से बाहर होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव अब सियासी यात्रा पर निकल चुके हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले महीने की शुरुआत में भाजपा से हाथ मिला लिया, जिससे राज्य में 'महागठबंधन' सरकार गिर गई थी। अभी तेजस्वी यादव ने जन विश्वास यात्रा की शुरुआत की है, जिसके जरिए जनता का रुख जानने निकले हैं।
यात्रा के साथ साथ मुजफ्फरपुर में तेजस्वी ने एक बड़ी रैली भी की है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और लालू यादव के बेटे तेजस्वी दावा कर रहे हैं कि जन विश्वास यात्रा में जनसैलाब उमड़ा है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर रैली में एक फॉर्मूला भी दिया है।
तेजस्वी का BAAP फॉर्मूला
तेजस्वी ने कहा, 'लोग बोलते हैं कि हम MY- माय की पार्टी है। सुनों, हमारे साथ MY (माय) ही नहीं बल्कि बाप 𝐁𝐀𝐀𝐏 भी है।' तेजस्वी यादव ने BAAP फॉर्मूले का मतलब भी समझाया। उन्होंने कहा, '𝐁𝐀𝐀𝐏- (𝐁-बहुजन, 𝐀-अगड़े, 𝐀-आधी आबादी और 𝐏 से Poor) और ये सब 𝐀 𝐭𝐨 𝐙 में आते हैं।'
तेजस्वी की जन विश्वास यात्रा
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर से 'जन विश्वास यात्रा' की शुरुआत की है। लोकसभा चुनाव से पहले आयोजित की जा रही ये यात्रा 1 मार्च तक जारी रहेगी। यात्रा राज्य के 33 जिलों से होकर गुजरेगी, जो राज्यव्यापी यात्रा होगी। तेजस्वी यादव सार्वजनिक बैठकें करेंगे और सत्ता से बेदखल होने से पहले 'महागठबंधन' सरकार के कामों को जनता को गिनाएंगे। राज्य विधानसभा चुनाव से पहले 2015 में बने 'महागठबंधन' गठबंधन में राजद और जदयू सहयोगी थे।
नीतीश कुमार के पास नहीं विजन: तेजस्वी
तेजस्वी ने कहा, 'मां की ममता, पिता की क्षमता, पत्नी की उत्तमता और लोक धर्म की प्रधानता के साथ जनविश्वास यात्रा के माध्यम से जनता मालिकों के बीच हूं।' उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार के पास अब कोई विजन नहीं और हर बार गठबंधन बदलने का कोई रीजन भी नहीं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 20 February 2024 at 14:05 IST