अपडेटेड 13 June 2024 at 22:54 IST
एक बार फिर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष चुने गए राज ठाकरे, 2028 तक होगा कार्यकाल
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे बृहस्पतिवार को पार्टी के शीर्ष पद पर फिर से चुन लिए गए।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे बृहस्पतिवार को पार्टी के शीर्ष पद पर फिर से चुन लिए गए। ठाकरे ने 18 साल पहले इस पार्टी का गठन किया था। वह 2006 से ही पार्टी के प्रमुख हैं और इस पद पर उनका फिर से चुनाव होना महज एक औपचारिकता थी।
मनसे प्रवक्ता संदीप देशपांडे ने कहा कि ठाकरे (55) को पांच साल के नए कार्यकाल के लिए चुना गया है जो तकनीकी रूप से 2023 में शुरू होगा और 2028 में समाप्त होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव 2023 में होना था, लेकिन विभिन्न कारणों से यह नहीं हो सका। इसके बाद पार्टी ने निर्देश दिया कि संगठनात्मक चुनाव 30 जून से पहले करा लिये जाएं।
बाला नंदगांवकर ने रखा राज ठाकरे के नाम का प्रस्ताव
वरिष्ठ मनसे नेता और पूर्व विधायक बाला नंदगांवकर ने पार्टी की बैठक में अध्यक्ष पद के लिए ठाकरे के नाम का प्रस्ताव रखा और एक अन्य पूर्व विधायक नितिन सरदेसाई ने इसका समर्थन किया। ठाकरे ने अविभाजित शिवसेना से अलग होकर मनसे का गठन किया था।
225 से 250 सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में मनसे
इससे पहले दिन में नंदगांवकर ने संवाददाताओं से कहा कि ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीट में से 225 से 250 सीट पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा है। राज्य में अक्टूबर में चुनाव होने हैं।
मनसे ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा नीत राजग को समर्थन देने की घोषणा की थी।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 13 June 2024 at 22:54 IST